Hardoi: सेनानी परिवारों को पहचान और आरक्षण दिलाने की मांग, उत्तराधिकारियों ने DM को सौंपा मांग पत्र
हरदोई स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन, हरदोई द्वारा उत्तराधिकारियों के अधिकारों को लेकर एक अहम पहल की गई है
हरदोई स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन, हरदोई द्वारा उत्तराधिकारियों के अधिकारों को लेकर एक अहम पहल की गई है। संगठन के अध्यक्ष देवेंद्र विक्रम सिंह के नेतृत्व में राज्यपाल उत्तर प्रदेश को संबोधित एक मांग पत्र जिलाधिकारी हरदोई के माध्यम से प्रेषित किया गया।
इस मांग पत्र में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों की समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदु उठाए गए हैं। संगठन ने मांग की है कि उत्तराधिकारियों को प्रदेश सरकार द्वारा परिचय पत्र जारी किया जाए, जिससे उन्हें पहचान और सम्मान मिल सके।
इसके साथ ही उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के दौरान आरक्षण प्रतिशत बढ़ाने की मांग भी प्रमुख रूप से की गई है,ताकि उत्तराधिकारी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें। सरकारी नौकरियों में भी आरक्षण बढ़ाने की मांग उठाई गई है।
मांग पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में केवल पुत्र और पौत्र को ही आरक्षण का लाभ मिल रहा है, जबकि कई बार आयु सीमा के कारण वे इसका लाभ नहीं उठा पाते। ऐसे में प्रपौत्रों को भी आरक्षण सूची में शामिल करने की मांग की गई है। इसके अलावा उत्तराधिकारियों को रोडवेज बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान करने हेतु परिचय पत्र जारी करने की मांग भी रखी गई है, जिससे वे अपने दैनिक आवागमन में सहूलियत प्राप्त कर सकें।
संगठन ने प्रशासन से अपील की है कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को ध्यान में रखते हुए उनकी संतानों के हित में सहानुभूतिपूर्वक विचार कर जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाए। यह पहल न सिर्फ स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान को दर्शाती है, बल्कि उनके परिवारों के अधिकारों को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी मानी जा रही है।
What's Your Reaction?




