Deoband News: आयुर्वेद एवं यूनानी बोर्ड चुनाव: मेरठ-सहारनपुर मंडल से डॉ. अमित खोकर को मिला सर्वसम्मति से समर्थन, चिकित्सकों में उत्साह
उत्तर प्रदेश आयुर्वेद एवं यूनानी तिब्बी चिकित्सा पद्धति बोर्ड के सदस्य पद के लिए होने वाले चुनाव में मेरठ-सहारनपुर
बागपत / देवबंद। उत्तर प्रदेश आयुर्वेद एवं यूनानी तिब्बी चिकित्सा पद्धति बोर्ड के सदस्य पद के लिए होने वाले चुनाव में मेरठ-सहारनपुर मंडल से डॉ. अमित खोकर ने अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आयुष एवं बी.ए.एम.एस. चिकित्सकों ने चिकित्सक हितों और आपसी एकता को सर्वोपरि रखते हुए सर्वसम्मति से डॉ. अमित खोकर को अपना समर्थन प्रदान किया है। डॉ. अमित खोकर बागपत (उत्तर प्रदेश) के निवासी हैं। वे लंबे समय से चिकित्सक समाज की सेवा और चिकित्सकों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय हैं। चुनाव में प्रत्याशी के रूप में शामिल उनके सम्मानित चिकित्सक साथियों ने चुनाव से पूर्व ही उन पर विश्वास जताते हुए अपना समर्थन दिया है।
- साथी चिकित्सकों ने दिया आशीर्वाद
डॉ. अमित खोकर ने अपने प्रिय साथी डॉ. रविकांत त्यागी (मेरठ), डॉ. कुलदीप राज (गाजियाबाद) एवं अन्य सभी सम्मानित चिकित्सक साथियों का हृदय से आभार व्यक्त किया, जिन्होंने चुनाव से पूर्व ही उन पर विश्वास जताते हुए अपना समर्थन दिया। डॉ. खोकर ने कहा कि यह चुनाव अब केवल उनका व्यक्तिगत चुनाव नहीं रह गया है, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के समस्त आयुष एवं बी.ए.एम.एस. चिकित्सकों की एकजुटता और उनके अधिकारों की आवाज का चुनाव बन गया है।
- डॉ. अनवर सईद ने दिया समर्थन
जामिया तिब्बिया देवबंद के सचिव डॉ. अनवर सईद ने भी डॉ. अमित खोकर को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि डॉ. अमित खोकर एक कर्मठ, ईमानदार और चिकित्सक हितों के प्रति समर्पित व्यक्ति हैं। वे हमेशा चिकित्सकों के हक की लड़ाई में आगे रहे हैं।
डॉ. अनवर सईद ने कहा कि मेरठ-सहारनपुर मंडल के सभी आयुष चिकित्सकों को एकजुट होकर डॉ. अमित खोकर के पक्ष में मतदान करना चाहिए, ताकि बोर्ड में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आवाज मजबूती से उठ सके। उन्होंने कहा कि डॉ. खोकर के बोर्ड में पहुंचने से यूनानी और आयुर्वेद चिकित्सकों की समस्याओं का समाधान तेजी से होगा और चिकित्सा शिक्षा को भी नई दिशा मिलेगी।
- डॉ. अकरम साहब ने भी जताया विश्वास
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अकरम साहब ने भी डॉ. अमित खोकर को समर्थन देते हुए कहा कि चिकित्सक समाज को आज एक ऐसे प्रतिनिधि की जरूरत है, जो बोर्ड में जाकर सबकी बात रख सके। डॉ. अमित खोकर में वह क्षमता और ईमानदारी है। डॉ. अकरम साहब ने कहा कि हम सभी चिकित्सकों को जाति, क्षेत्र और संस्था से ऊपर उठकर एकजुट होना होगा। डॉ. अमित खोकर की जीत चिकित्सकों की एकता की जीत होगी। उन्होंने सभी पंजीकृत चिकित्सकों से अपील की कि वे भारी संख्या में मतदान करें और डॉ. खोकर को विजयी बनाएं।
- चिकित्सकों से किया विनम्र निवेदन
समस्त आयुष एवं बी.ए.एम.एस. चिकित्सक बंधुओं से विनम्र निवेदन करते हुए डॉ. अमित खोकर ने कहा कि मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, शामली, सहारनपुर, हापुड़, बुलंदशहर एवं मुरादाबाद सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी बी.ए.एम.एस. एवं आयुष पंजीकृत चिकित्सक साथी अपना बहुमूल्य मत उन्हें प्रदान कर भारी मतों से विजयी बनाएं। उन्होंने वादा किया कि यदि चिकित्सक साथी अपना बहुमूल्य मत एवं आशीर्वाद देकर उन्हें विजयी बनाते हैं, तो वे बोर्ड में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चिकित्सकों का प्रतिनिधित्व पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं मजबूती से करेंगे।
- समस्याओं के समाधान का संकल्प
डॉ. अमित खोकर ने कहा कि मैं आपको विश्वास दिलाता हूँ कि मैं केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि भविष्य में भी अपने चिकित्सक साथियों की समस्याओं के लिए सदैव अग्रिम पंक्ति में खड़ा रहूँगा और उनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास करता रहूँगा। उन्होंने कहा कि आयुष चिकित्सकों को आज कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। पंजीकरण, नवीनीकरण, क्लीनिक संचालन, सरकारी योजनाओं में भागीदारी और चिकित्सकों के सम्मान से जुड़े मुद्दों को बोर्ड के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा।
- एकता हमारी शक्ति
डॉ. खोकर ने कहा कि आइए, हम सभी एकजुट होकर अपने क्षेत्र का मजबूत प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करें। आपका एक वोट, चिकित्सकों की सामूहिक आवाज को बोर्ड तक पहुँचाने का माध्यम बन सकता है।
उन्होंने नारा दिया - एकता हमारी शक्ति, चिकित्सक हित हमारी प्राथमिकता।
चिकित्सकों में डॉ. अमित खोकर को मिले सर्वसम्मति समर्थन से उत्साह का माहौल है। चिकित्सकों का कहना है कि एकजुट होकर मतदान करने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व बोर्ड में मजबूत होगा और चिकित्सकों की समस्याओं का समाधान आसानी से हो सकेगा।
What's Your Reaction?

