Deoband News: प्रभातफेरी में गुरबाणी कीर्तन से संगत हुई निहाल
देवबंद: साहिब श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में निकाली जा रही प्रभातफेरियों की श्रृंखला में बुधवार को भी श्रद्धा और
देवबंद: साहिब श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में निकाली जा रही प्रभातफेरियों की श्रृंखला में बुधवार को भी श्रद्धा और भक्ति का मनोरम दृश्य देखने को मिला। आज की प्रभातफेरी गुरुद्वारा साहिब से श्रद्धापूर्वक प्रारंभ हुई और सुभाष चौक, रेलवे रोड, कैलाशपुरम कॉलोनी होते हुए ब्रह्मपुरी कॉलोनी स्थित संपूर्ण सिंह कपूर के निवास पर पहुंची।
प्रभातफेरी के पहुंचने पर परिवार ने फूलों की वर्षा कर श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया। घर के आंगन में संगत के लिए विशेष कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया, जहां गुरबाणी की मधुर धुनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कीर्तन दरबार में भाई धर्म सिंह, चंद्रदीप सिंह, चन्नी बेदी, भोली मनचंदा, पपिंद्र कौर, रोजी बेदी, हरप्रीत कौर बेदी सहित अन्य रागी जनों ने गुरबाणी गायन कर संगत को निहाल किया। संगत ने गुरु महिमा का गुणगान सुनकर वाहे गुरु का जाप किया और गुरु नानक देव जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर गुरुद्वारा कमेटी की ओर से हन्नी कपूर को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि प्रकाश पर्व तक प्रतिदिन प्रभातफेरी नगर के विभिन्न मोहल्लों में भ्रमण करेगी, जिसमें संगत बढ़-चढ़कर भाग ले रही है।
प्रभातफेरी में वीरेंद्र पाल सिंह, इंद्रजीत सिंह, डॉ. गुरमीत सिंह सोढी, अमन सेठी, संदीप सिंह, हर्षप्रीत मनचंदा, राजपाल सिंह, परमजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। प्रभातफेरी के समापन पर गुरु का लंगर भी वितरित किया गया।
What's Your Reaction?

