देवबंद में स्टेट हाईवे पर दो पक्षों में टकराव, सरेराह कई राउंड फायरिंग से फैली सनसनी
सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर जामिया तिब्बिया कॉलेज के पास दो गुटों में झड़प के बाद फायरिंग हुई। पुलिस पुराने विवाद को मान रही है वजह।
सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर दो गुटों के बीच आपसी कहासुनी के बाद सरेराह फायरिंग होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना देवबंद क्षेत्र में जामिया तिब्बिया मेडिकल कॉलेज के पास हुई, जहां बाइकों पर सवार होकर आए कुछ युवकों के बीच अचानक विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से कथित तौर पर करीब आठ राउंड गोलियां चलाई गईं। दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी से हाईवे और आसपास के दुकानदारों व राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को भी गोली नहीं लगी और कोई हताहत नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थिति को संभाला और घटनास्थल के आसपास बने होटलों, ढाबों तथा दुकानों पर काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली। पुलिस आरोपियों की पहचान करने के लिए सुराग जुटा रही है। जांच अधिकारी संदीप अधाना ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि विवाद खेड़ी आसा और बढ़ेड़ी गांव के रहने वाले दो पक्षों के बीच हुआ है। दोनों पक्षों के बीच पहले से ही कोई पुराना निजी विवाद चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक इसी पुरानी रंजिश या विवाद के चलते दोनों पक्ष हाईवे पर आमने-सामने आ गए और उनके बीच टकराव हो गया। पुलिस अब घटना में शामिल युवकों के बारे में विस्तार से जानकारी जुटा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी दोषियों को पकड़कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद है।
Also Click : Saharanpur Triple Talaq Case: सहारनपुर में महिला ने पति पर लगाया जबरन हलाला और तीन तलाक का आरोप, SSP से शिकायत
What's Your Reaction?




