Deoband News: देवबंद में 'एक शाम देश के नाम' कार्यक्रम का आयोजन, देशभक्ति गीतों से गूंजा सभागार, हस्तियां सम्मानित
देवबंद में मानव एकता मंच के तत्वावधान में देशभक्ति गीतों और गजलों का भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। मेधावी छात्रा कहकशां और प्रमुख हस्तियों को सम्मानित किया गया।
देवबंद में देशभक्ति गीतों और गजलों से सजी सांस्कृतिक शाम, मेधावी छात्रा कहकशां सहित प्रमुख लोग हुए सम्मानित
सहारनपुर के देवबंद स्थित ईदगाह मार्ग पर स्थित एक परिसर में मानव एकता मंच के संयोजन में 'एक शाम देश के नाम' शीर्षक से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। देर रात तक चले इस आयोजन में देशभक्ति से ओत-प्रोत रचनाओं, सुरमयी गजलों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में मुजफ्फरनगर से पहुंचे क्रिएशन समूह के कलाकारों ने अपनी सुरीली आवाज और प्रस्तुति से समां बांध दिया, जिस पर श्रोताओं ने तालियों से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
सांस्कृतिक संध्या के दौरान शिक्षा, चिकित्सा, समाजसेवा और राजनीति जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों के साथ-साथ मेधावी विद्यार्थियों को मंच की ओर से सम्मानित किया गया। इंटरमीडिएट विज्ञान वर्ग में देवबंद स्तर पर सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्रा कहकशां को विशेष रूप से सम्मानित कर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। वक्ताओं ने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने से अन्य युवाओं को भी आगे बढ़ने और समाज का नाम रोशन करने की नई प्रेरणा मिलती है।
समारोह में विचार व्यक्त करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन आपसी प्रेम, सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। समाज की प्रगति के लिए आपसी सहयोग और एकता अनिवार्य है। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष विपिन गर्ग, भाजपा नगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता, प्रोफेसर कमरुज्जमा कुरैशी, मुर्तजा कुरैशी, सेठ सुलेमान फारूकी, योगेश दहिया, नजम उस्मानी, अय्यूब बेग, चौधरी ओमपाल सिंह, डॉ. अमित राव, अरशद राणा, परवेज अब्बासी, डॉ. सादिक देवबंदी, मोहतेशिम गौर, इरम उस्मानी और शाजिया नाज सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?







