Deoband : नहर में नहाने गई नौ वर्षीय बच्ची तेज बहाव में बही, तलाश में जुटे गोताखोर
स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों की टीम लगातार नहर में बच्ची की खोजबीन कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सर्च ऑपरेशन को तेज करने और बच्ची की सुरक्षित तलाश के लिए रुड़की की तरफ से आ रहे नहर के पानी के बहाव को भी कम कराया गया
सहारनपुर के देवबंद कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत तैय्यबपुर गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां नहर में नहाने गई नौ वर्षीय बालिका अलीना पानी के तेज बहाव में अचानक डूब गई। घटना के एक दिन से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तैय्यबपुर गांव के रहने वाले दिवंगत कलीम की बेटी अलीना अपनी बारह वर्षीय बड़ी बहन इल्मा के साथ गांव के पास से बहने वाली नहर में नहाने के लिए गई थी। नहाने के दौरान अलीना का पैर अचानक गहरे पानी में चला गया और वह तेज बहाव के साथ आगे बह गई। उसे डूबता देख बड़ी बहन ने शोर मचाया और तुरंत घर भागकर परिजनों को पूरी बात बताई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और पीड़ित परिवार के लोग नहर किनारे एकत्र हो गए। स्थानीय पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू कराया।
स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों की टीम लगातार नहर में बच्ची की खोजबीन कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सर्च ऑपरेशन को तेज करने और बच्ची की सुरक्षित तलाश के लिए रुड़की की तरफ से आ रहे नहर के पानी के बहाव को भी कम कराया गया है। पुलिस और गोताखोर हर संभव प्रयास में जुटे हैं।
What's Your Reaction?




