Deoband News: देवबंद में त्यागी ब्राह्मण महाकुंभ की तैयारी तेज, सियासी गलियारों में हलचल! 

मांगे राम त्यागी बोले—ऐतिहासिक होगा महाकुंभ, समाज की एकता और सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर उठेगी आवाज

By INA News Desk
Oct 10, 2026 - 09:41  · Updated: Oct 10, 2026 - 11:36
42 Views
Deoband News: देवबंद में त्यागी ब्राह्मण महाकुंभ की तैयारी तेज, सियासी गलियारों में हलचल! 
Advertisement
Advertisement

देवबंद। मां त्रिपुर बाला सुंदरी की पावन धरा पर रविवार, 11 अक्टूबर को होने जा रहे त्यागी ब्राह्मण भूमिहार महाकुंभ को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर तेज हो गई हैं। महाकुंभ में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजकों से लेकर प्रशासन तक सक्रिय हो गया है। एक ओर मैदान में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर इस आयोजन पर सत्ता पक्ष से लेकर विपक्ष तक की नजरें टिकी हुई हैं।
महाकुंभ की तैयारियों का जायजा लेने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगे राम त्यागी अपनी टीम के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उन्होंने मैदान का भ्रमण कर साफ-सफाई, वाहनों की पार्किंग और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। आयोजकों का प्रयास है कि कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

  •  प्रशासन भी अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था पर अधिकारियों की नजर 

कार्यक्रम में संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती की तैयारी की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी पूरे आयोजन पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं, खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय बताई जा रही हैं। कार्यक्रम से जुड़ी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

  •  महाकुंभ से पश्चिमी यूपी की सियासत में हलचल के आसार 

त्यागी ब्राह्मण भूमिहार समाज की ओर से आयोजित इस महाकुंभ को सामाजिक एकता के साथ-साथ राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। समाज के लोग अपनी एकजुटता, सामाजिक भागीदारी और राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में हैं। ऐसे में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के राजनीतिक हलकों में भी इस आयोजन को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों की निगाहें इस बात पर रहेंगी कि महाकुंभ में समाज की भागीदारी किस स्तर पर रहती है और यहां से क्या संदेश निकलकर सामने आता है।

  •  मांगे राम त्यागी बोले—ऐतिहासिक होगा आयोजन 

राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगे राम त्यागी ने कहा कि देवबंद की पावन धरा पर होने वाला यह महाकुंभ ऐतिहासिक होगा। इसमें समाज के प्रबुद्ध लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज की एकता को मजबूत करना और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करना है।
वरिष्ठ समाजसेवी जुगनू त्यागी और प्रधान गुड्डू त्यागी ने कहा कि यह आयोजन समाज की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने के उद्देश्य से किया जा रहा है। महाकुंभ के मंच से समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाया जाएगा और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया जाएगा।

  •  त्यागी और ब्राह्मण समाज के साथ अन्य वर्गों को भी आमंत्रण 

ब्राह्मण नेता हरिओम त्यागी, रोहित कौशिक और अन्य समाजसेवियों ने कहा कि महाकुंभ में त्यागी और ब्राह्मण समाज के लोग शामिल होंगे। इसके साथ ही अन्य समाजों के लोगों का भी स्वागत है। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य आपसी भाईचारे को मजबूत करना और समाज के लोगों को एक मंच पर लाना है।
अब सबकी निगाहें 11 अक्टूबर को देवबंद में होने वाले इस महाकुंभ पर टिकी हैं। आयोजन में जुटने वाली भीड़, मंच से उठने वाले मुद्दे और समाज की एकजुटता का संदेश पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सामाजिक और राजनीतिक परिदृश्य में कितनी चर्चा बटोरता है, यह रविवार को स्पष्ट होगा।

Also Read- यूपी में धान खरीद की तारीखें घोषित: 65 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य, 48 घंटे में सीधे खाते में होगा भुगतान

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement