Sambhal News: सम्भल में पुलिस बनाम कांग्रेस! मुशीर खां को रोका, बोले- मौलिक अधिकार नहीं छीनने देंगे
वोट चोरी के मुद्दे और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने निकले कांग्रेस नेता
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: वोट चोरी के मुद्दे और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने निकले कांग्रेस नेता मुशीर खां तरीन को पुलिस ने कार्यालय से बाहर निकलते ही रोक दिया। मुशीर खां तरीन का आरोप है कि उन्हें सुबह से ही नजरबंद कर रखा गया है और पुलिस उन्हें आगे नहीं जाने दे रही है।
मुशीर खां तरीन ने कहा कि उनका कार्यक्रम पहले स्थानीय स्तर पर प्रदर्शन करने और एसडीएम को ज्ञापन देने के बाद जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल होने का था, लेकिन पुलिस द्वारा रोक दिए जाने से पूरा कार्यक्रम प्रभावित हो गया। उन्होंने कहा कि उनका प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण और कानून के दायरे में है, बावजूद इसके उन्हें आगे बढ़ने नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा किसी एक व्यक्ति या पार्टी की मांग नहीं, बल्कि जनता की आवाज है। राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के सवाल पर उन्होंने कहा कि एफआईआर की संख्या बढ़ती जा रही है, लेकिन असली मुद्दा देश में वोट चोरी रोकना है। मुशीर खां तरीन ने साफ कहा कि उन्हें रोका गया है, लेकिन उनका आंदोलन नहीं रुकेगा। उन्होंने कहा कि वे आगे भी जंतर-मंतर जाने की कोशिश करेंगे और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना उनका मौलिक अधिकार है। कांग्रेस नेता ने कहा कि वह सम्भल से विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे हैं और दावा किया कि सम्भल का बच्चा-बच्चा कांग्रेसी है। उन्होंने राहुल गांधी के ‘डरो मत’ के संदेश का हवाला देते हुए कहा कि न डरेंगे, न झुकेंगे और आगे भी पूरी ताकत से आंदोलन जारी रखेंगे।
What's Your Reaction?