Moradabad: गढ़ी गांव में मंडलायुक्त का संवाद, परंपराओं से लेकर बिजली-पेंशन समस्याओं तक उठे मुद्दे।
मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने छजलैट ब्लॉक के गढ़ी गांव में ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने गाँव के इतिहास और परंपराओं पर चर्चा
मुरादाबाद: मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने छजलैट ब्लॉक के गढ़ी गांव में ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने गाँव के इतिहास और परंपराओं पर चर्चा की। बुजुर्गों ने बदलावों का जिक्र किया, जिसमें त्योहारों के समय घरों में पकवान बनाने की परंपरा का लुप्त होना शामिल था। ग्रामीणों ने बिजली, पेंशन और राशन कार्ड से जुड़ी समस्याएँ भी साझा की।
अभियान के तहत छजलैट ब्लॉक के गढ़ी गांव में पहुंचे मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने ग्रामीणों से गांव के इतिहास को लेकर विस्तार से बात की। इस दौरान बुजुर्गों ने बदलाव और परंपराओं का जिक्र किया। बाजार, हाट, मेले और तालाबों के जिक्र के दौरान कई ग्रामीण भावुक हो गए। मंडलायुक्त ने दो घंटे तक गांव के बुजुर्गों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने लोगों से यह जानने की कोशिश की, कि समय के साथ किस तरह के बदलाव उनके जेहन में हैं। गांव के 90 वर्षीय फखरुद्दीन ने बताया कि पहले त्योहारों पर घरों में पकवान बनते थे। विभिन्न अवसरों पर मेले का आयोजन होता था।
अब बहुत सारी परंपराएं छूटती जा रही हैं। इस दौरान बिजली समस्या को लेकर ग्रामीण मुखर रहे। कब्रिस्तान में जल भराव, वृद्धावस्था पेंशन न मिलने, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि न मिलने और राशन कार्ड में यूनिट कम होने की समस्याएं सामने आईं। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आदित्य श्रीवास्तव सहित अन्य अफसर ने सरकार की योजनाओं को लेकर ग्रामीणों से बातचीत की। साथ ही यह जानने की कोशिश भी की इन जनकल्याणकारी योजनाओं से कितन ग्रामीण को लाभ मिल पाया है।
ग्रामीण जनों ने विद्युत विभाग द्वारा जारी विद्युत बिलों को लेकर उत्पन्न हो रही समस्याओं से संबंधित मुद्दा उठाया साथ ही ढीले तारों की वजह से आमजन को हो रही दिक्कतों का समाधान कराने के बारे में भी कहा। इस पर मंडलायुक्त ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत में कैंप का आयोजन करके प्रत्येक व्यक्ति की समस्या चिन्हित की जाए और शिकायत एवं समस्याओं के निस्तारण की मॉनिटरिंग करने के लिए एसडीएम कांठ को निर्देशित किया।
स्मार्ट मीटर की वजह से आमजन को हो रही दिक्कतों के बारे में उन्होंने विभागीय नियमों को लेकर एसडीओ से पूछा और कहा कि कार्यशैली में सुधार करें, समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दें, सही जानकारी विद्युत उपभोक्ता को उपलब्ध कराएं इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 15 दिवस के भीतर ग्राम पंचायत में ढीले तारों का सर्वे कराकर दुरुस्त कराने के लिए भी उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं को मंडलायुक्त में पोषण किट दी और विद्यालय में अध्यनरत बालिकाओं से उनकी पढ़ाई के बारे में बातचीत की साथ ही एडीओ पंचायत को निर्देश दिए कि विद्यालय परिसर में बालिकाओं के लिए शौचालय बनवाया जाए।
इसके बाद मंडलायुक्त ने पंचायत भवन गढ़ी में बनवाए गए जन सेवा केंद्र का भी लोकार्पण किया।
इस अवसर पर जॉइंट मजिस्ट्रेट आदित्य श्रीवास्तव, अपर आयुक्त अरुण कुमार सिंह और डीसी गजेन्द्र सिंह के साथ साथ अन्य संबंधित अधिकारी गण मौजूद रहे।
What's Your Reaction?









