Hardoi: हरदोई में मिशन शक्ति फेज-5 का व्यापक जनजागरूकता अभियान, महिलाओं व बालिकाओं को किया जागरूक।
मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद हरदोई के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता
हरदोई। मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद हरदोई के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान पुलिस व मिशन शक्ति टीम द्वारा गांव-गांव, स्कूलों एवं अस्पतालों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व आशा बहुओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
थाना पचदेवरा क्षेत्र के ग्राम बरुआरा व कुतुलूपुर में आयोजित चौपालों में उपनिरीक्षक दिनेश कुमार पाण्डेय व महिला आरक्षी अंशु सहित टीम ने महिलाओं को एकत्रित कर हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 1930, 181, 108, 102 आदि की जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताते हुए ऑनलाइन फ्रॉड के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई। बालिकाओं को ‘गुड टच-बैड टच’ के बारे में भी जागरूक किया गया।
इसी क्रम में एंटी रोमियो टीम द्वारा ग्राम घनश्यामनगर में चौपाल आयोजित कर महिलाओं व बालिकाओं को आत्मरक्षा के उपाय सिखाए गए तथा उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान कांस्टेबल शुभम यादव, कपिल कुमार, महिला आरक्षी पूजा त्यागी व पुष्पा यादव उपस्थित रहीं।
जिला अस्पताल हरदोई में भी मिशन शक्ति टीम द्वारा महिलाओं को एकत्रित कर विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। महिला आरक्षी पूजा तिवारी व रेनू मौर्य ने साइबर अपराध से बचाव हेतु व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने की सलाह दी।
थाना सुरसा क्षेत्र के द्वारिका सिंह इंटर कॉलेज तुदवल में बालिकाओं को पंपलेट वितरित कर हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई तथा उन्हें साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए गए। कार्यक्रम में उपनिरीक्षक सुरेखा शर्मा व महिला कांस्टेबल स्नेह लता शुक्ला मौजूद रहीं।
इसके अतिरिक्त थाना लोनार क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, ग्राम जगदीशपुर में छात्राओं को विभिन्न टोल फ्री नंबरों 1090, 1098, 112, 1076, 181 आदि की जानकारी दी गई तथा ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत रैली भी निकाली गई। इस दौरान उपनिरीक्षक पूजा चौधरी, महिला आरक्षी ऋचा रानी व पूजा उपस्थित रहीं।
इन सभी कार्यक्रमों के माध्यम से मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा, आत्मनिर्भरता एवं जागरूकता के प्रति प्रेरित करना रहा। पुलिस टीमों ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों का प्रयोग कर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।
What's Your Reaction?









