1 लाख फॉलोअर्स वाली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर रंगदारी का केस! बिरयानी कारोबारी के बेटे से ₹55 हजार वसूली का आरोप
सम्भल में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के खिलाफ धमकी देकर वसूली और मारपीट का मामला दर्ज होने से सनसनी फैल गई
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के खिलाफ धमकी देकर वसूली और मारपीट का मामला दर्ज होने से सनसनी फैल गई है। कोतवाली में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, चौधरी सराय निवासी बिरयानी कारोबारी के बेटे ने आरोप लगाया है कि करीब तीन साल पहले नैनीताल यात्रा के दौरान उसकी मुलाकात दीपासराय की एक युवती से हुई थी।
पीड़ित का आरोप है कि युवती ने पहले उसे प्रेमजाल में फंसाया, फिर उसके वीडियो और फोटो बनाकर वायरल करने की धमकी दी। शिकायत के अनुसार, मारपीट कर उससे 55 हजार रुपये वसूले गए। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि युवती अपने साथियों के साथ मिलकर गैंग के रूप में इस तरह की वसूली करती है। उधर, एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी इन्फ्लुएंसर ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। युवती का कहना है कि उसे झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। उसने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जांच किए बिना उसके खिलाफ कार्रवाई की गई तो वह आत्महत्या जैसा कदम उठा सकती है। करीब 1 लाख सोशल मीडिया फॉलोअर्स रखने वाली इस इन्फ्लुएंसर का मामला अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। आरोप और बचाव दोनों सामने हैं, इसलिए मामले में जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
What's Your Reaction?




