फेम इंडिया सर्वे में सीएम योगी देश के सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री: कानून व्यवस्था और सुशासन में मिले सर्वाधिक 897 अंक
फेम इंडिया-एशिया पोस्ट सर्वे में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देश के सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री चुने गए हैं। सुशासन और विकास के बल पर 897 अंक हासिल किए।
देशभर के मुख्यमंत्रियों के कार्य प्रदर्शन और जनस्वीकार्यता को लेकर किए गए एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सर्वेक्षण में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहला स्थान हासिल किया है। फेम इंडिया पत्रिका और एशिया पोस्ट के संयुक्त 'बेस्ट चीफ मिनिस्टर सर्वे' के परिणामों में उन्हें 1000 अंकों में से सर्वाधिक 897 अंक प्राप्त हुए हैं। यह मूल्यांकन नेतृत्व शैली, प्रशासनिक दक्षता, जनहित से जुड़े निर्णयों और जमीनी स्तर पर नीतियों के प्रभाव के आधार पर किया गया।
इस विस्तृत अध्ययन में देश के 15 प्रमुख मुख्यमंत्रियों के कामकाज का तुलनात्मक विश्लेषण किया गया। शीर्ष दस मुख्यमंत्रियों को सर्वश्रेष्ठ श्रेणी में रखा गया, जबकि इसके बाद के पांच मुख्यमंत्रियों को विशेष श्रेणी में शामिल किया गया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 881 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर रहे, जबकि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने 874 अंक पाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
लगभग तीन से चार महीने तक संचालित इस सर्वेक्षण को तीन अलग-अलग स्तरों पर पूरा किया गया। प्रारंभिक चरण में विभिन्न मीडिया और सामाजिक मंचों पर मुख्यमंत्रियों के संदर्भ में जनधारणा, समाचारों और जनप्रतिक्रियाओं का गहन विश्लेषण किया गया। दूसरे चरण के तहत समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजनों, विषय विशेषज्ञों और विचारकों से परामर्श लेकर उनकी राय जानी गई। अंतिम चरण में जमीनी स्तर पर आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर उनके अनुभव और प्रतिक्रियाएं एकत्र की गईं।
सभी आंकड़ों के संकलन के बाद मुख्यमंत्रियों की कार्यप्रणाली को दस प्रमुख पैमानों पर परखा गया। इनमें मुख्य रूप से पारदर्शी शासन व्यवस्था, सुरक्षा और कानून का राज, व्यक्तिगत छवि, प्रशासनिक क्षमता, निर्णयों की गति, विभागों की कार्यप्रणाली की समझ, दूरदर्शी सोच और ठोस परिणामों की समीक्षा शामिल रही। कानून व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने और जनकल्याणकारी नीतियों को बिना भेदभाव धरातल पर उतारने के मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का प्रदर्शन सबसे प्रभावी पाया गया।
What's Your Reaction?

