Hardoi News: मधुमक्खी पालन के 90 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण हेतु 16 सितम्बर तक करें आवेदन
जिला उद्यान अधिकारी सुभाष चंद्र ने बताया है कि मधुमक्खी पालन अनुपूरक कृषि उद्यम के रूप में महत्वपूर्ण स्थान रखता
Hardoi: जिला उद्यान अधिकारी सुभाष चंद्र ने बताया है कि मधुमक्खी पालन अनुपूरक कृषि उद्यम के रूप में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। मधुमक्खियां प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से किसानों की आर्थिक आय बढ़ाने में सहायक हैं। मधुमक्खियों से शहद उत्पादन के साथ-साथ फसलों में पर-परागण से पौधों की जीवितता एवं उत्पादन में वृद्धि होती है तथा पर्यावरण संतुलन में भी इनका महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने बताया कि किसानों की आय में वृद्धि के लिए कृषि के साथ-साथ ऐसे अनुपूरक व्यवसाय अपनाए जाने की आवश्यकता है, जिनमें कम भूमि एवं कम पूंजी की आवश्यकता हो। मधुमक्खी पालन को अनुपूरक कृषि उद्यम के रूप में अपनाकर कम पूंजी एवं कम समय में अधिक आय प्राप्त की जा सकती है।
उद्यान विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा मधुमक्खी पालन को प्रोत्साहित एवं बढ़ावा देने के उद्देश्य से वैज्ञानिक ढंग से मौनपालन किए जाने हेतु औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केन्द्र, सहारनपुर एवं बस्ती तथा अधीक्षक, राजकीय उद्यान, प्रयागराज में दिनांक 16 सितम्बर, 2026 से 15 दिसम्बर, 2026 तक तीन माह (90 दिवसीय) के प्रशिक्षण सत्र का शुभारम्भ किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण विभाग द्वारा निःशुल्क प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षणार्थियों को ठहरने एवं भोजन आदि की व्यवस्था स्वयं करनी होगी।
इस प्रशिक्षण में पुरुष एवं महिलाएं सभी वर्गों के अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। इसके लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता कक्षा 8 उत्तीर्ण होना आवश्यक है। इच्छुक अभ्यर्थी अपनी सुविधा के अनुसार संयुक्त निदेशक, औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केन्द्र, सहारनपुर, संयुक्त निदेशक, औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केन्द्र, बस्ती अथवा अधीक्षक, राजकीय उद्यान, प्रयागराज से सम्पर्क कर निर्धारित प्रपत्र पर 16 सितम्बर, 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र के साथ दो संभ्रांत व्यक्तियों अथवा राजपत्रित अधिकारी द्वारा प्रदत्त चरित्र प्रमाण-पत्र संलग्न करना आवश्यक है।
Also Read- UP Politics: पत्रकारों के सवालों पर गाली-गलौच व हाथापाई पर उतारू हो जाते हैं अखिलेश: सीएम योगी
What's Your Reaction?







