Lucknow: होली से पहले FSDA की बड़ी कार्रवाई – 699 क्विंटल मिलावटी खाद्य जब्त, मूल्य 10.56 करोड़!

होली पर्व के मद्देनजर आम जनता को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि

Feb 28, 2026 - 19:12
24 Views
Lucknow: होली से पहले FSDA की बड़ी कार्रवाई – 699 क्विंटल मिलावटी खाद्य जब्त, मूल्य 10.56 करोड़!
होली से पहले FSDA की बड़ी कार्रवाई – 699 क्विंटल मिलावटी खाद्य जब्त, मूल्य 10.56 करोड़!

लखनऊ। होली पर्व के मद्देनजर आम जनता को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA), उत्तर प्रदेश द्वारा राज्यभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 19 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए निर्माण इकाइयों, थोक एवं फुटकर विक्रेताओं, ट्रांसपोर्टरों और सीमावर्ती क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

विभाग द्वारा अब तक कुल 4082 निरीक्षण किए गए हैं। इस दौरान 1092 छापे डाले गए और खाद्य पदार्थों के 1487 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। कार्रवाई के दौरान 699 क्विंटल खाद्य सामग्री जब्त की गई, जिसका अनुमानित मूल्य करीब 10.56 करोड़ रुपये बताया गया है। इसके अतिरिक्त 35.5 टन खाद्य सामग्री नष्ट की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 82.7 लाख रुपये है।

अभियान के तहत विशेष रूप से खोया, पनीर, मिठाई, नमकीन, खाद्य तेल, दूध एवं अन्य खाद्य पदार्थों की जांच की जा रही है। राज्य में खाद्य तेल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए 58 अंतरजनपदीय टीमों द्वारा 321 तेल निर्माण इकाइयों और 54 खाद्य तेल विक्रेताओं का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 210 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए तथा 415.2 टन संदिग्ध खाद्य तेल जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6.43 करोड़ रुपये है। साथ ही मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर 37 तेल निर्माण इकाइयों को सुधार सूचना नोटिस जारी किए गए हैं।

इसी क्रम में तेल निर्माण इकाइयों की जांच के दौरान 327 टन खाद्य सामग्री का निरीक्षण किया गया, जिसमें से 60 नमूने जांच के लिए लिए गए। इनमें से 23.8 टन खाद्य सामग्री जब्त की गई, जिसकी कीमत 24.6 लाख रुपये तथा 7.3 टन खाद्य सामग्री नष्ट की गई, जिसकी कीमत 13.9 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा मिलावट में प्रयुक्त होने वाले उपकरणों को जब्त करते हुए 05 प्राथमिकियां दर्ज कराई गई हैं।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम जनता से अपील की है कि होली के अवसर पर केवल प्रमाणित एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों का ही उपयोग करें तथा खुली मिठाई और संदिग्ध खाद्य सामग्री से बचें। किसी भी प्रकार की मिलावट या संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना विभाग के हेल्पलाइन नंबर 1800-180-5533 या व्हाट्सएप नंबर 9793429747 पर दी जा सकती है। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि होली पर्व तक यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Also Read- Lucknow: सैट्स के सीईओ ने योगी सरकार की कार्यप्रणाली को खुलकर सराहा कहा, विदेशी निवेश के लिए प्रतिबद्ध हैं सीएम योगी आदित्यनाथ

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow