Sambhal: सम्भल में सर्राफा व्यापारी के यहां GST टीम का छापा, सात घंटे चली कार्रवाई से मचा हड़कंप।
सम्भल जनपद के कस्बा चंदौसी स्थित सर्राफा बाजार में मुरादाबाद से आई GST टीम ने एक सर्राफा व्यापारी के यहां छापेमारी की। यह कार्रवाई
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल जनपद के कस्बा चंदौसी स्थित सर्राफा बाजार में मुरादाबाद से आई GST टीम ने एक सर्राफा व्यापारी के यहां छापेमारी की। यह कार्रवाई करीब सात घंटे तक चली, जिससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया। GST टीम ने सर्राफा व्यापारी की दुकान के साथ-साथ उसके आवास पर भी जांच-पड़ताल की।
छापेमारी की सूचना मिलते ही सर्राफा बाजार के व्यापारी एकजुट हो गए और कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। व्यापारियों का आरोप है कि बिना किसी पूर्व सूचना और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को जानकारी दिए ही GST टीम ने यह कार्रवाई की। इसी को लेकर व्यापारियों ने बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन किया और GST टीम की कार्रवाई को मनमानी बताया। व्यापारियों ने यह भी आशंका जताई कि GST टीम द्वारा अन्य व्यापारियों के यहां भी छापेमारी की जा सकती है, जिसके विरोध में व्यापारी लामबंद हो गए। करीब सात घंटे तक चली जांच के बाद GST टीम मुरादाबाद वापस लौट गई, लेकिन तब तक बाजार में तनाव का माहौल बना रहा। इस संबंध में व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष प्रेम ग्रोवर ने कहा कि व्यापारी नियमों का पालन करते हैं, लेकिन इस तरह अचानक की गई कार्रवाई से व्यापारियों में भय का माहौल बनता है। वहीं युवा व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सगर गुप्ता ने कहा कि यदि भविष्य में बिना संवाद के इस तरह की कार्रवाई की गई तो व्यापारी आंदोलन को मजबूर होंगे। फिलहाल GST टीम की कार्रवाई के बाद सर्राफा बाजार में चर्चा का माहौल बना हुआ है और व्यापारी वर्ग में नाराजगी देखी जा रही है।
Also Read- Hapur : भोजपुर-पिलखुवा-धौलाना मार्ग के चौड़ीकरण को 39.62 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली
What's Your Reaction?











