Har Ghar Tiranga Campaign UP: उत्तर प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान का दूसरा चरण, लगेंगे तिरंगा मेले
उत्तर प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान के तहत दूसरे चरण के कार्यक्रम शुरू। तिरंगा मेला, संगीत कार्यक्रम और प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन।
उत्तर प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान को व्यापक जनसहभागिता के साथ संचालित करने के लिए दूसरे चरण के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। इस दौरान प्रदेश के सभी जिलों में शिक्षण संस्थानों के माध्यम से प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ ही भव्य तिरंगा मेलों और सांस्कृतिक संगीत कार्यक्रमों के जरिए राष्ट्रभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
प्रदेश में 09 से 17 अगस्त, 2026 के बीच ’हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के आयोजन हेतु जारी दिशा-निर्देशों के तहत दूसरे चरण के अंतर्गत 09 से 12 अगस्त, 2026 तक हर जिले में स्कूल/कॉलेज तथा तकनीकी संस्थानों में जिलाधिकारी द्वारा स्वतंत्रता आंदोलन पर आधारित प्रतियोगिता आयोजित करायी जाएगी, जिसमें पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर आने वाले विद्यालयों को आमंत्रित कर 26 जनवरी, 2027 को सम्मानित किया जाएगा। द्वितीय चरण में तिरंगा महोत्सव के रूप में एक बड़ा आयोजन किया जाएगा, जिसके अंतर्गत वृहद तिरंगा मेला और भव्य तिरंगा म्यूजिकल कान्सर्ट आयोजित की जाएगी।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जानकारी दी कि अभियान के अंतर्गत जिला स्तर पर स्कूल, कॉलेज और तकनीकी संस्थानों में स्वतंत्रता आंदोलन पर आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन जिलाधिकारियों के माध्यम से कराया जा रहा है। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष तीन विद्यालयों को आगामी गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
दूसरे चरण में तिरंगा महोत्सव के रूप में बड़े मेलों का आयोजन होगा। इन मेलों में स्वयं सहायता समूहों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) और एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत निर्मित वस्तुओं की बिक्री और प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अलावा तिरंगा थीम पर आधारित परिधान, खाद्य सामग्री और हस्तशिल्प उत्पाद भी नागरिकों के लिए उपलब्ध रहेंगे। राष्ट्रीय ध्वज के सुगम वितरण और बिक्री के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों, खादी भंडारों और स्थानीय वस्त्रालयों का सहयोग लिया जा रहा है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में नामचीन और स्थानीय कलाकारों द्वारा देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। इन आयोजनों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सांसदों, विधायकों, विशिष्ट नागरिकों और प्रमुख खिलाड़ियों की उपस्थिति भी सुनिश्चित की जाएगी।
नागरिकों को झंडा संहिता और राष्ट्रीय ध्वज फहराने के नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जा रहा है। शासन स्तर पर संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात द्वारा सभी विभागाध्यक्षों और जिलाधिकारियों को आयोजन से जुड़े आवश्यक निर्देश पहले ही प्रेषित किए जा चुके हैं।
Also Click : Hardoi Development Review: विकास कार्यों में लापरवाही पर हरदोई डीएम सख्त, भरखनी बीएमएम और कछौना एडीओ को नोटिस जारी
What's Your Reaction?



