Hardoi News: टड़ियावां के प्राथमिक विद्यालय में विवाद और भोजन गड़बड़ी पर बड़ी कार्रवाई, दो शिक्षक निलंबित
हरदोई के कोटरा प्राथमिक विद्यालय में घटिया भोजन और आपसी विवाद के मामले में बीएसए प्रभात मिश्र ने दो अध्यापकों को निलंबित कर दिया है।
हरदोई जिले के टड़ियावां विकास खंड स्थित कोटरा प्राथमिक विद्यालय में मध्याह्न भोजन की खराब गुणवत्ता और स्टाफ के बीच आपसी विवाद का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर प्रसारित हुए एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभात मिश्र ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। जांच में लापरवाही और आपसी खींचतान से शैक्षणिक वातावरण प्रभावित होने की बात साबित होने पर प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निरीक्षण के समय विद्यालय में नामांकित 232 विद्यार्थियों के सापेक्ष पंजीकृत स्टाफ उपस्थित पाया गया। अधिकारियों द्वारा विद्यालय के शिक्षकों, रसोइयों, प्रबंध समिति अध्यक्ष और छात्र-छात्राओं से पूछताछ की गई। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि विद्यालय के सहायक अध्यापक विनोद कुमार और प्रधानाध्यापक राजेश कुमार के बीच आपस में विवाद चल रहा है, जिसके कारण यह परिस्थिति उत्पन्न हुई। छात्राओं ने यह भी जानकारी दी कि उनसे बात करके वीडियो बनवाया गया था।
जांच प्रक्रिया के दौरान छात्राओं ने बताया कि परोसे जाने वाले मध्याह्न भोजन का स्तर अच्छा नहीं रहता है। इसके साथ ही परिसर में दिव्यांग बच्चों के लिए बने शौचालय की साफ-सफाई भी बेहद असंतोषजनक पाई गई। अधिकारियों के अनुसार शिक्षकों का यह आचरण कर्मचारी आचरण नियमावली के विपरीत पाया गया, जिसके चलते राजेश कुमार और विनोद कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय के सभी रसोइयों को चेतावनी नोटिस जारी किया गया है कि भविष्य में किसी भी तरह की ढिलाई बरतने पर उनकी सेवाएं समाप्त कर दी जाएंगी। इसके अलावा पर्यवेक्षण कार्य में शिथिलता बरतने के आरोप में टड़ियावां के खंड शिक्षा अधिकारी और मध्याह्न भोजन योजना के जिला समन्वयक को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
Also Click : Hardoi News: लापरवाही पर कोतवाल समेत तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, दो नए थाना प्रभारियों को मिली नई तैनाती
What's Your Reaction?



