Hardoi News Today: अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित घोष ने ली समीक्षा बैठक, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत पैकेट के साथ मेडिकल किट देने के निर्देश
उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अमित घोष रविवार को हरदोई दौरे पर रहे। वे यहाँ वरदान चैरिटेबल
हरदोई: उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अमित घोष रविवार को हरदोई दौरे पर रहे। वे यहाँ वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे थे। इसके साथ ही उन्होंने स्वशासी मेडिकल कालेज गौरीडांडा सीतापुर रोड कैंपस में स्वास्थ्य विभाग एवं स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय की एक महत्वपूर्ण संयुक्त समीक्षा बैठक भी ली।बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने जनपद में चल रही स्वास्थ्य योजनाओं और व्यवस्थाओं को लेकर अपने-अपने प्रजेंटेशन प्रस्तुत किए। अपर मुख्य सचिव ने दोनों विभागों के कार्यों की गहन समीक्षा की और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक बेहतर बनाने के लिए कई कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।अपर मुख्य सचिव अमित घोष ने निर्देश दिया कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत जनपद की सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ऑनलाइन चिकित्सीय सेवाएं तत्काल सुचारू रूप से दी जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का सीधा लाभ मिल सके। वर्तमान स्थिति को देखते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि बाढ़ ग्रस्त इलाकों में बांटे जा रहे रिलीफ पैकेट के साथ अनिवार्य रूप से मेडिकल किट भी उपलब्ध कराई जाए।
- दवाइयों की उपलब्धता और स्वाइन फ्लू को लेकर अलर्ट
उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर एंटी स्नेक वेनम और एंटी रैबीज के इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में स्टॉक में रहने चाहिए, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। इसके साथ ही स्वाइन फ्लू और अन्य फ्लू से संबंधित तैयारियों को पुख्ता रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, किसी भी प्रकार के फ्लू को हल्के में न लिया जाए। लक्षण दिखने पर मरीज की पूरी इन्वेस्टीगेशन कराई जाए।
मेडिकल कॉलेज की समीक्षा करते हुए अपर मुख्य सचिव ने कहा कि कॉलेज में क्रिटिकल केयर यूनिट सीसीयूऔर वेंटिलेटर हर समय चालू हालत में होने चाहिए ताकि गंभीर मरीजों को तत्काल आपातकालीन इलाज मिल सके।बैठक के दौरान अपर मुख्य सचिव ने मेडिकल कॉलेज के MBBS प्रथम वर्ष के कुछ छात्रों से भी मुलाकात की। उन्होंने भावी डॉक्टरों का उत्साहवर्धन करते हुए उनसे संवाद किया और कहा कि चिकित्सा का क्षेत्र निरंतर अपग्रेड होता रहता है, इसलिए वे मेडिकल की पढ़ाई के दौरान लगातार कुछ न कुछ नया सीखने का प्रयास करते रहें।बैठक में लखनऊ मंडल के अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार डॉ पी सी गुप्ता,मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा भवनाथ पांडे,मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डा जेबी गोगोई,अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अरविन्द सचान एवं जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, 100 शैय्या चिक्तिसालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित स्वास्थ्य विभाग के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।
Also Read- हरदोई में नदी में बहता मिला अज्ञात युवक का शव, पीठ पर जलने के निशान देख हत्या की आशंका
What's Your Reaction?







