Hardoi News: जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में डीएम राहुल पाण्डेय के सख्त निर्देश, 1 अक्टूबर से चलेगा संचारी रोग नियंत्रण अभियान
जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में स्वामी विवेकानंद सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की बैठक सम्पन्न
Hardoi News: जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में स्वामी विवेकानंद सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कार्यक्रमों एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने खराब प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को सुधार हेतु निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि उपलब्ध जनशक्ति एवं संसाधनों का बेहतर सदुपयोग सुनिश्चित किया जाय। जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लक्ष्य के अनुरूप गोल्डन कार्ड एवं आभा आईडी जारी कराए जाय। शत प्रतिशत जन्म प्रमाण पत्र समय से जारी कराए जाने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए। उन्होंने कहा कि सभी पात्र महिलाओं को नियमानुसार अल्ट्रासाउंड हेतु ई रुपी बाउचर प्रदान किया जाय तथा उसका समय से उपयोग भी सुनिश्चित किया जाय। जिलाधिकारी ने संस्थागत प्रसव एवं टीकाकरण की समीक्षा करते हुए शत प्रतिशत संस्थागत प्रसव एवं नियमित टीकाकरण सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 भावनाथ पाण्डेय सहित सभी प्रभारी चिकित्साधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

1 अक्टूबर से चलेगा संचारी रोग नियंत्रण अभियान, डीएम ने दिए चाक-चौबंद व्यवस्था के निर्देश
जनपद में संचारी रोगों और दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आगामी 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा । इसके साथ ही घर-घर जाकर मरीजों को चिन्हित करने के लिए 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान भी आयोजित होगा । इन दोनों अभियानों को पूरी तत्परता से सफल बनाने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी राहुल पांडेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के स्वामी विवेकानंद सभागार में प्रथम अंतर-विभागीय बैठक संपन्न हुई । जिलाधिकारी राहुल पांडेय ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मानसून के बाद संचारी रोगों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ माइक्रोप्लान बनाकर काम करें। उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई, फॉगिंग, शुद्ध पेयजल की आपूर्ति और मच्छरों से बचाव के पुख्ता इंतजाम करने के कड़े निर्देश दिए । जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग नोडल विभाग के रुप में कार्य करते हुए ब्लाक स्तर पर जिला स्तर पर अन्य विभागों से समन्वय बनाकर कार्य करे। फ्रंटलाइन वर्करों का प्रशिक्षण एवं संवेदीकरण गुणवत्तापूर्ण किया जाये। सभी विभाग अपने अपने विभागों के कार्यों की समीक्षा करें देखें कि कार्य धरातल पर हो। पंचायती राज और नगर विकास विभाग अभियान में सफ़ाई एवं मच्छर रोधी गतिविधियां ग्रामवार, वार्डवार माइक्रोप्लान बनाकर प्रति दिन आयोजित करें। स्कूलों में अभियान चलाकर सफाई का कार्य किया जाए कहीं जलभराव न हो।
दस्तक अभियान के तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां घर-घर जाकर बुखार, टीबी, कुष्ठ रोग, फाइलेरिया और कुपोषण के लक्षण वाले मरीजों की सूची तैयार करेंगी ताकि उनका समय पर इलाज सुनिश्चित किया जा सके और आशाएं घर-घर जाकर परिवारों की आयुष्मान भारत हेल्थ एकाउंट बनाएंगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भवनाथ पांडेय, बैक्टर बोर्न नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र, जिला मलेरिया अधिकारी सहित अभियान में सम्मिलित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और सभी सीएचसी के अधीक्षक तथा कार्यक्रम में सहायक एनजीओ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Also Read- यूपीपीएससी मुख्य परीक्षा के सफल अभ्यर्थियों के लिए फ्री मॉक इंटरव्यू, अफसरों ने दिए सफलता के गुर
What's Your Reaction?