Hardoi : पत्नी के विरोध के बाद प्रेमी जोड़े ने एक ही फंदे से लटककर दी जान, पंचायत ने सुनाया था साथ रहने का फैसला
श्रवण का अपनी बहन के गांव फत्तेपुर आने-जाने के दौरान कुंती से प्रेम प्रसंग शुरू हो गया था, जो पिछले ढाई साल से चल रहा था। इस बात का पता चलने पर श्रवण की पत्नी चार महीने पहले उसे छोड़कर मायके चली गई थी।
रिपोर्ट : अभिषेक त्रिवेदी
हरदोई जिले के कछौना कोतवाली क्षेत्र के चौरा गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक प्रेमी और प्रेमिका ने कमरे के अंदर एक ही साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। सुबह दोनों के शव लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृत व्यक्ति पहले से शादीशुदा था और इस प्रेम प्रसंग को लेकर घर में लगातार कलह चल रही थी, जिसके बाद उपजे विवाद के कारण दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
मृतक की पहचान पैंतीस वर्षीय श्रवण कुमार के रूप में हुई है, जो खेती-किसानी करता था। वहीं मृत युवती की पहचान बेनीगंज के मंगतपुरवा निवासी बीस वर्षीय कुंती के तौर पर हुई है। श्रवण की शादी नौ साल पहले रीता नाम की महिला से हुई थी और उनके तीन बच्चे भी हैं। श्रवण का अपनी बहन के गांव फत्तेपुर आने-जाने के दौरान कुंती से प्रेम प्रसंग शुरू हो गया था, जो पिछले ढाई साल से चल रहा था। इस बात का पता चलने पर श्रवण की पत्नी चार महीने पहले उसे छोड़कर मायके चली गई थी। कुछ समय पहले जब श्रवण कुंती से मिलने गया, तो युवती के परिवार वालों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था, लेकिन बाद में आपसी समझौते पर पुलिस ने उसे छोड़ दिया। इसके बाद लंगड़ेदास बाबा मंदिर परिसर में एक पंचायत बुलाई गई, जहां श्रवण की जिद पर दोनों को साथ रहने की अनुमति दे दी गई और वह कुंती को अपने घर ले आया।
पंचायत के इस फैसले की जानकारी मिलते ही श्रवण की पत्नी रीता अपने मायके से वापस लौट आई और उसने कुंती को घर में रखने का कड़ा विरोध किया। पत्नी का कहना था कि वह कुंती को किसी भी कीमत पर उस घर में रहने नहीं देगी। इसी पारिवारिक विवाद और तनाव से परेशान होकर प्रेमी जोड़े ने रात के समय फांसी लगा ली। घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम और क्षेत्राधिकारी प्रभा पटेल ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से जांच कर रही है।
What's Your Reaction?




