Hardoi : लखनऊ-पलिया राजमार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, मायके से ताजिया देखकर लौट रही महिला की मौत, पति और बेटा घायल
कमलेश ने बताया कि उनकी पत्नी ने मायके में ताजिया देखने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद वे लोग वहां गए थे। शाम के समय जब तीनों बाइक से वापस अपने गांव पछकोहरा लौट रहे थे, तभी कछौना कस्बे के पास सामने से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
रिपोर्ट : अभिषेक त्रिवेदी
हरदोई जिले के कछौना इलाके में लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। कछौना कस्बे के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति और बेटा घायल हो गए। अस्पताल के डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृत महिला की पहचान सुरसा थाना क्षेत्र के पछकोहरा गांव की रहने वाली पैंतीस वर्षीय गुड्डी के रूप में हुई है। वह अपने पति कमलेश, जो कि राजमिस्त्री का काम करते हैं, और छह साल के बेटे शुभम के साथ कासिमपुर थाना क्षेत्र के घुघेरा गांव स्थित अपने मायके गई थीं। कमलेश ने बताया कि उनकी पत्नी ने मायके में ताजिया देखने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद वे लोग वहां गए थे। शाम के समय जब तीनों बाइक से वापस अपने गांव पछकोहरा लौट रहे थे, तभी कछौना कस्बे के पास सामने से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क पर सिर के बल गिर गईं, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और अत्यधिक खून बह गया। हादसे में कमलेश और उनके बेटे शुभम को भी चोटें आई हैं। घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी, जिसके बाद घायल महिला को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका अपने पीछे पति के अलावा तीन बेटियों और दो बेटों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं, जहां इस घटना के बाद से मातम पसरा हुआ है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि यह दुर्घटना दूसरे थाना क्षेत्र में हुई है, इसलिए शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कानूनी कार्रवाई की गई है और आगे की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?




