Hardoi News: अरवल में 'युवा जनशक्ति टीम' ने कराई गरीब परिवार की बेटी की शादी, भेंट किए आवश्यक उपहार और गृहस्थी का सामान
हरदोई के अरवल क्षेत्र में 'युवा जनशक्ति टीम' के संचालक विनीत यादव और सदस्यों के सहयोग से एक गरीब परिवार की बेटी की शादी संपन्न कराई गई। टीम ने आवश्यक उपहार और आर्थिक मदद भी दी।
Report : अभिषेक त्रिवेदी
अरवल (हरदोई): सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के कार्यों के लिए क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुकी 'युवा जनशक्ति टीम' ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है। टीम के संचालक विनीत यादव और सभी सक्रिय सदस्यों के सामूहिक सहयोग से क्षेत्र के एक आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बेटी का विवाह पूरे सम्मान के साथ संपन्न कराया गया।
विवाह समारोह के दौरान युवा जनशक्ति टीम के सदस्यों ने परिवार की मदद करते हुए शादी में लगने वाला आवश्यक सामान, साड़ियां, पांच पीतल के बर्तन और गुप्त दान के रूप में आर्थिक सहायता प्रदान की। समाज के वंचित वर्ग के प्रति टीम के इस समर्पण से वधू पक्ष के परिवार को बड़ा संबल मिला और विवाह की रस्में सुखद वातावरण में पूरी हो सकीं।

इस नेक पहल के बारे में बात करते हुए टीम के संचालक विनीत यादव ने कहा कि समाज की हर जरूरतमंद बहन की शादी में उनकी टीम आगे भी इसी तरह तन, मन और धन से सहयोग करने के लिए सदैव तत्पर रहेगी। युवाओं के इस मानवीय प्रयास की पूरे इलाके में जमकर सराहना हो रही है और स्थानीय लोग इस कदम को समाज के अन्य वर्गों के लिए भी प्रेरणादायक बता रहे हैं।
What's Your Reaction?

