Hardoi News: हरदोई में बाबू छेदालाल गुप्ता की जयंती पर 51 मेधावी विद्यार्थी सम्मानित, स्मृति काव्यगोष्ठी में गूंजी राष्ट्रीय चेतना
स्वतंत्रता सेनानी, पूर्व सांसद एवं विधायक बाबू छेदालाल गुप्ता की जयंती शिक्षा से समृद्धि संस्था की ओर से गांधी भवन में हर्षोल्लास
हरदोई। स्वतंत्रता सेनानी, पूर्व सांसद एवं विधायक बाबू छेदालाल गुप्ता की जयंती शिक्षा से समृद्धि संस्था की ओर से गांधी भवन में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। समारोह में 12 हिंदी माध्यम इंटरमीडिएट कॉलेजों तथा तीन डिग्री कॉलेजों के 51 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन धनराशि एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों का अभिनंदन किया गया तथा बाबू छेदालाल गुप्ता के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित स्मारिका वितरित की गई। स्मृति काव्यगोष्ठी में कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से राष्ट्रीय एवं सामाजिक चेतना का संदेश दिया।

समारोह का शुभारंभ भारत सरकार के पूर्व सलाहकार सुरेन्द्रनाथ (एसएन) अग्निहोत्री तथा सीएसएन डिग्री कॉलेज, हरदोई के पूर्व प्राचार्य डॉ. बीडी शुक्ल, डॉ. बीएस पाण्डेय एवं डॉ. एनसी शुक्ला ने बाबू छेदालाल गुप्ता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। बालिकाओं आरना अग्रवाल और अक्षरा अग्रवाल ने राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

वक्ताओं ने बाबू छेदालाल गुप्ता के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें सच्चा जनसेवक बताया, जिन्होंने अपना जीवन जनसेवा और लोककल्याण के लिए समर्पित किया। सेवानिवृत्त न्यायाधीश विमल कुमार जैन ने उनसे जुड़े लोकहितकारी संस्मरण साझा किए। पूर्व प्राचार्य डॉ. बीएस पाण्डेय ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों और शिक्षा-साहित्य की विभूतियों का सम्मान कर उनकी स्मृतियों को जीवंत बनाए रखना प्रेरणादायी पहल है। पूर्व प्राचार्य डॉ. बीडी शुक्ल और साहित्यकार डॉ. ईश्वरचन्द्र वर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
परिवार ने लिया लोकमंगल के मार्ग पर चलने का संकल्प
कार्यक्रम के आयोजक एवं बाबू छेदालाल गुप्ता के पुत्र, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के पूर्व चेयरमैन विजयप्रकाश अग्रवाल ने कहा कि उनके पिता के लोकमंगल के मार्ग को आगे बढ़ाने के लिए परिवार संकल्पित है। उन्होंने अपने पिता की जनसेवा, सामाजिक सरोकारों और आदर्शों को आगे ले जाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम में बाबू छेदालाल गुप्ता के पुत्र डॉ. सत्यप्रकाश अग्रवाल और पुत्री स्वर्ण अग्रवाल के भावपूर्ण संदेशों की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सुनाई गई। बाबूजी का सानिध्य प्राप्त करने वाली श्रीमती कमलेश मित्तल ने उनसे जुड़ी अपनी स्मृतियां लिखकर दीं। उनके संस्मरणों का वाचन किया गया, जिसने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया और ऐसा लगा मानो बाबूजी की स्मृतियां फिर से सजीव हो उठी हों।
बाबूजी के प्रपौत्र आशुतोष अग्रवाल ने मंचासीन अतिथियों को बैज लगाकर सम्मानित किया। वहीं, स्वर्गीय रामप्रकाश जी की पुत्रवधू ज्योति अग्रवाल ने डॉ. शीला पाण्डेय को बैज लगाकर एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया। विजयप्रकाश अग्रवाल के साथ ज्ञानप्रकाश अग्रवाल और कवयित्री चन्द्रकिरण अग्रवाल ने प्रतिभाओं एवं विभूतियों का सम्मान किया तथा अतिथियों का स्वागत किया। प्रज्ञा अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया।

- काव्यगोष्ठी में गूंजा राष्ट्रीय और सामाजिक चेतना का स्वर
स्मृति काव्यगोष्ठी में कवयित्री चन्द्रकिरण अग्रवाल, कवि सुशीलचन्द्र वर्मा, कौशलेन्द्र सिंह राष्ट्रवर तथा शिक्षिका अलका गुप्ता ने अपनी रचनाओं के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, सामाजिक सरोकारों और मानवीय मूल्यों की प्रेरणा दी। उनकी प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को राष्ट्रीय एवं सामाजिक चेतना के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. शीला पाण्डेय और कवयित्री चन्द्रकिरण अग्रवाल ने किया। समारोह में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अलका गुप्ता, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष मीना अग्रवाल, रेडक्रॉस सोसाइटी के सभापति डॉ. रमेश अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, निखिल अग्रवाल, सुशीलचन्द्र वर्मा, सुयश वाजपेयी, हरिवंश सिंह, विनीता पाण्डेय, ऋचा गुप्ता, लक्ष्मी गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह ने बाबू छेदालाल गुप्ता के जनसेवा के आदर्शों को याद करने के साथ ही शिक्षा, साहित्य और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में नई पीढ़ी को प्रेरित करने का संदेश दिया।
What's Your Reaction?