Hardoi: किसानों की छह मांगों पर भाकियू अंबावता का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

किसानों और आमजन की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन अंबावता ने गुरुवार को संडीला तहसील परिसर

Aug 20, 2026 - 19:02
7 Views
Hardoi: किसानों की छह मांगों पर भाकियू अंबावता का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

रिपोर्टर : मुकेश सिंह सोमवंशी

संडीला, हरदोई। किसानों और आमजन की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन अंबावता ने गुरुवार को संडीला तहसील परिसर में आवाज बुलंद की। युवा जिलाध्यक्ष मुदस्सिर मसर्रत के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों व किसानों ने उपजिलाधिकारी को छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई तो तहसील और बिजली विभाग के खिलाफ आंदोलन तेज किया जाएगा।

ज्ञापन में काशीराम कॉलोनी वार्ड नंबर सात के जर्जर रास्तों को दुरुस्त कर पक्की सड़क और स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग की गई। इसके साथ ही सड़कों पर घूम रहे छुट्टा पशुओं से लगातार हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग उठाई गई।

किसानों ने ग्राम सोम में यूपीसीडा द्वारा अधिग्रहीत जमीन का उचित एवं बाजार दर के अनुसार मुआवजा दिलाने, ग्राम महत्वाना में वर्ष 2022 से सील पड़ी अब्दुल मजीद की दुकान को खुलवाने की मांग भी रखी। वहीं ग्राम सोम के गाटा संख्या 836 की कथित फर्जी खतौनी को निरस्त कर मूल खातेदार का नाम दर्ज कराने की मांग की गई।

विद्युत व्यवस्था को लेकर मुरारनगर फीडर को संडीला फीडर से जोड़ने की मांग भी ज्ञापन में प्रमुखता से शामिल रही। भाकियू पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों और आम जनता की समस्याओं का समाधान अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष ऐमन खान, राष्ट्रीय सचिव नसीर खान, जिला उपाध्यक्ष अवधेश यादव, संडीला उपाध्यक्ष मो. तौफीक समेत बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। किसानों ने कहा कि मांगों का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Also Click : Agra News: आक्रमणकारी के नाम पर नहीं, बल्कि भारत के राष्ट्रनायकों के नाम पर म्यूजियम बनेगाः मुख्यमंत्री

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow