Crime News Hardoi: हरदोई में करोड़ों की चोरी के मामले में तीन महिलाएं गिरफ्तार, ₹1.70 लाख नकद बरामद
कोतवाली शहर पुलिस ने रेलवेगंज में व्यापारी के घर हुई करोड़ों रुपये की चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन महिला अभियुक्तों
हरदोई। कोतवाली शहर पुलिस ने रेलवेगंज में व्यापारी के घर हुई करोड़ों रुपये की चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन महिला अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से ₹1.70 लाख रुपये की चोरी की नकदी बरामद की है। इस मामले में अब तक पुलिस कुल ₹1,49,33,110 रुपये की नकदी बरामद कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को रेलवेगंज निवासी पंकज अग्रवाल पुत्र स्व. ओमप्रकाश ने कोतवाली शहर में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि उनके घर में ही परचून की थोक दुकान संचालित होती है। आरोप है कि 16/17 जुलाई की रात दुकान पर काम करने वाले कुलदीप पुत्र मनोज प्रजापति, दिव्यांशु पुत्र जानकी और शोभित पुत्र बुद्धा ने घर से नकदी चोरी कर ली।
तहरीर के आधार पर कोतवाली शहर में मु0अ0सं0 513/2026, धारा 306 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान मामले में धारा 331(4), 317(2) और 61 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
तीन महिला अभियुक्त गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान प्रकाश में आई तीन महिला अभियुक्तों को 29 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान—
- लक्ष्मी देवी पत्नी अंकित तिवारी, निवासी ग्राम सहवादपुर, थाना बेनीगंज, हरदोई।
- बीना शुक्ला पत्नी रामवली शुक्ला, निवासी ग्राम बेल्हा, थाना टड़ियावां, हरदोई।
- प्रियांशु शुक्ला पत्नी अजय शुक्ला, निवासी ग्राम धन्नुपुरवा, थाना कोतवाली शहर, हरदोई।
के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से ₹1,70,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।
अब तक ₹1.49 करोड़ से अधिक की नकदी बरामद
पुलिस के मुताबिक कोतवाली शहर पुलिस, स्वाट, सर्विलांस और एसओजी टीम द्वारा चोरी की इस घटना के संबंध में अब तक कुल ₹1,49,33,110 रुपये बरामद किए जा चुके हैं।
इसमें 25 जुलाई 2026 को 14 अभियुक्तों से ₹1,28,99,310 तथा 11 अगस्त 2026 को तीन अभियुक्तों से ₹6,62,300 बरामद किए गए थे। इसके बाद 29 सितंबर को तीन महिला अभियुक्तों से ₹1.70 लाख की बरामदगी हुई। इसके अतिरिक्त चोरी की रकम से खरीदी गई एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है, जबकि ₹2.50 लाख रुपये बैंक खाते में फ्रीज कराए गए हैं। पुलिस की ओर से मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?