Hardoi : गांधी भवन में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर विकास प्रदर्शनी शुरू, राज्य मंत्री ने बांटे ट्रैक्टर और ट्राई साइकिल
प्रदर्शनी के दौरान राज्य मंत्री नितिन अग्रवाल ने दिव्यांग लाभार्थियों को ट्राई साइकिल और मोटराइज्ड ट्राई साइकिल बांटी। इसके साथ ही उन्होंने सब्सिडी योजना के तहत दो किसानों को ट्रैक्टर भी सौंपे। इसके बाद गांधी भवन सभागार में प्राकृतिक कृषि से संबंधित जागरूकता गोष्ठी का शुभारंभ कि
केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हरदोई के गांधी भवन में एक भव्य छायाचित्र एवं विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य पिछले 12 सालों में देश में हुए बड़े सुधारों, बुनियादी ढांचे के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को जनता तक पहुँचाना है।
मुख्य अतिथि राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार नितिन अग्रवाल ने फीता काटकर इस प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर प्रदर्शनी के विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया।
सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा एलईडी वैन, होर्डिंग्स और स्टैंडी के माध्यम से सरकार की विभिन्न क्षेत्रों की उपलब्धियों को दिखाया गया।
इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी में डिजिटल माध्यमों, आकर्षक तस्वीरों और वृत्तचित्रों के जरिए देश की विकास यात्रा को बहुत सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
इसमें आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पीएम आवास योजना, हर घर जल योजना, डिजिटल इंडिया अभियान और रेलवे के आधुनिकीकरण जैसी बड़ी योजनाओं को प्रमुखता से दर्शाया गया है।
साथ ही भारत के विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के सफर और विकसित भारत 2047 के संकल्प की ओर बढ़ते कदमों को दिखाया गया है।
प्रदर्शनी के दौरान राज्य मंत्री नितिन अग्रवाल ने दिव्यांग लाभार्थियों को ट्राई साइकिल और मोटराइज्ड ट्राई साइकिल बांटी। इसके साथ ही उन्होंने सब्सिडी योजना के तहत दो किसानों को ट्रैक्टर भी सौंपे।
इसके बाद गांधी भवन सभागार में प्राकृतिक कृषि से संबंधित जागरूकता गोष्ठी का शुभारंभ किया गया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में देश का चौतरफा विकास हुआ है और भारत दुनिया में एक बड़ी आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि आज समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। बिना किसी भ्रष्टाचार के डीबीटी के माध्यम से सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुँच रही है।
किसानों के सम्मान को बढ़ाना, उनकी आय में वृद्धि करना और उन्हें उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक अशांति के दौर में भी देश की मजबूत अर्थव्यवस्था के कारण भारत पर बहुत कम असर पड़ा है।
इस कार्यक्रम में परियोजना निदेशक अशोक कुमार मौर्य, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार, उप निदेशक कृषि डॉ. राजेश यादव, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी रामप्रकाश सहित कई विभागों के अधिकारी, किसान और आम नागरिक मौजूद रहे।
What's Your Reaction?




