Hardoi : धनतेरस- दीपावली पर एसपी अशोक कुमार मीणा ने स्वयं परखीं सुरक्षा- व्यवस्था, भारी पुलिस बल के साथ किया पैदल गश्त
हरदोई में धनतेरस और दीपावली के दृष्टिगत एसपी अशोक कुमार मीणा ने कोतवाली शहर क्षेत्र के बाजारों व चौराहों पर पैदल गश्त किया। आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
धनतेरस और दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से हरदोई पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। जनपद में सुदृढ़ कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने स्वयं कमान संभालते हुए थाना कोतवाली शहर क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, व्यस्त चौराहों और मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल के साथ सघन पैदल गश्त (फुट पेट्रोलिंग) की।

पैदल मार्च के दौरान पुलिस अधीक्षक ने शहर के मुख्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सर्राफा बाजार, मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा प्रबंधों तथा पिकेट व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी। गश्त के दौरान उन्होंने स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों और खरीदारी करने आए आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया। एसपी ने सभी को सुरक्षा का पूर्ण विश्वास दिलाते हुए कहा कि त्योहारों पर आमजन की सुरक्षा व सुविधा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने मातहत अधिकारियों व थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि बाजारों में यातायात व्यवस्था को पूरी तरह सुचारु रखा जाए और किसी भी दशा में अतिक्रमण या अवैध पार्किंग के कारण जाम की स्थिति न बनने दी जाए। इसके अतिरिक्त संवेदनशील स्थलों एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने, लगातार गश्त जारी रखने और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।

त्योहारों के दौरान शोहदों, जेबकतरों और अराजक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए बाजारों में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चप्पे-चप्पे की निगरानी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की कि वे निर्भीक होकर हर्षोल्लास के साथ त्योहार मनाएं, किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या यूपी-112 पर दें।
What's Your Reaction?

