Hardoi News: हरदोई में शिक्षकों को दिया गया संविधान का पाठ, प्रशिक्षण के बाद मिले प्रमाण-पत्र
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण काव्या सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण
हरदोई: अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण काव्या सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रीता कौशिक के निर्देशों के क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदोई के तत्वावधान में ‘संविधान संवाद’ कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षकों हेतु द्वितीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों द्वारा प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को भारतीय संविधान के मूलभूत सिद्धांतों, मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों, संवैधानिक मूल्यों, समानता, न्याय, स्वतंत्रता तथा बंधुत्व के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को बताया गया कि वे विद्यालयों में विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के संबंध में जानकारी प्रदान करें, जिससे बच्चों में प्रारंभ से ही संवैधानिक चेतना, सामाजिक सद्भाव, समानता एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।
कार्यक्रम में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि शिक्षक समाज एवं राष्ट्र के भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अतः उनके माध्यम से संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों को विद्यार्थियों तक पहुंचाना तथा उन्हें जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना आवश्यक है।कार्यक्रम के अंत में जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदोई श्रीमती रीता कौशिक द्वारा उपस्थित शिक्षकों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा उनसे यह अपेक्षा की गई कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को अपने-अपने विद्यालयों में विद्यार्थियों के बीच साझा कर संविधान के प्रति जागरूकता का प्रसार करेंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम मो0 युनुस, सिविल जज (जू0डि0)/एफ.टी.सी.(महिला) लवलेश कुमार, सिविल जज (जू0डि0)/एफ.टी.सी. विशाल दीक्षित व लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल विनोद कुमार मिश्रा, देवेन्द्र कुमार सिंह, अजय त्रिपाठी व मुकुल शुक्ला द्वारा शिक्षको को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन असिस्टेन्ट लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल अजय त्रिपाठी द्वारा किया गया।
What's Your Reaction?

