हरदोई में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन, आपदा जोखिम न्यूनीकरण पर बनी संयुक्त रणनीति
हरदोई कलेक्ट्रेट में आपदा प्रबंधन और जोखिम न्यूनीकरण को लेकर स्टेक होल्डर कॉन्फ्रेंस आयोजित। विभिन्न विभागों को आपदा पूर्व और पश्चात प्रबंधन का मिला प्रशिक्षण।
उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में कलेक्ट्रेट स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में क्षमता संवर्धन एवं आपदा जोखिम न्यूनीकरण स्टेक होल्डर कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी के दिशा-निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण किट व सामग्री वितरित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी ने आपदा आने से पहले की तैयारियों, आपदा के दौरान किए जाने वाले त्वरित राहत कार्यों और आपदा के बाद पुनर्वास व पुनर्निर्माण में प्रशासनिक विभागों की सक्रिय भूमिका को विस्तार से समझाया।
प्रशिक्षण के पहले सत्र की शुरुआत प्रशिक्षक डॉक्टर भानू द्वारा सहभागी पद्धति से की गई। इस दौरान प्रतिभागियों से उनके विभाग के मुख्य दायित्वों, अन्य विभागों से अपेक्षित सहयोग और एक-दूसरे को दी जाने वाली सहायता के बिंदुओं पर मंथन कराया गया।
सत्र में सेंडाई फ्रेमवर्क, यूएनएफसीसीसी जलवायु परिवर्तन समझौते, सतत विकास लक्ष्य 2030, न्यू अर्बन एजेंडा, प्रधानमंत्री के 10 सूत्रीय एजेंडा, आपदा प्रबंधन अधिनियम और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन योजना 2019 के प्रावधानों पर गहन चर्चा हुई। दूसरे सत्र में प्रशिक्षक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने आपदा प्रबंधन चक्र और विभिन्न प्राकृतिक व मानवजनित आपदाओं के समय विभागों के दायित्वों का व्यावहारिक विश्लेषण प्रस्तुत किया।
कार्यशाला में विभागीय कन्वर्जेंस मैट्रिक्स के आधार पर सभी विभागों के परस्पर तालमेल से काम करने पर सहमति बनी और भविष्य के लिए जिले की व्यापक आपदा प्रबंधन योजना तैयार करने का निर्णय लिया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में राजस्व, पुलिस, अग्निशमन, वन, पंचायती राज, ग्राम विकास, स्वास्थ्य, जल निगम, सिंचाई, विद्युत, लोक निर्माण, शिक्षा, खाद्य एवं रसद, नगर निकाय, सूचना विभाग और राज्य आपदा मोचक बल के अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम के सफल संचालन में आपदा विशेषज्ञ ज्ञानदीप शर्मा, आपदा लिपिक अनुज कुमार, परमानंद दीक्षित, हर्ष दीक्षित, विशाल दीक्षित और अजय मिश्रा सहित अन्य कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Also Click : Hardoi: सरकारी रास्ते पर हैंडपंप लगाकर आवागमन बाधित करने का आरोप, ग्रामीणों ने एसडीएम से लगाई गुहार
What's Your Reaction?







