हरदोई: जिला कारागार पहुंचे जिला जज, डीएम और एसपी; अस्पताल व बैरकों का लिया जायजा
हरदोई में जिला जज रीता कौशिक, डीएम राहुल पाण्डेय और एसपी अशोक कुमार मीणा ने जिला जेल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं व स्वास्थ्य सुविधाओं की पड़ताल की।
जनपद में बंदियों के अधिकारों, स्वास्थ्य और जेल की मूलभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा के उद्देश्य से जिला प्रशासन और न्यायपालिका के शीर्ष अधिकारियों ने जिला कारागार का व्यापक निरीक्षण किया। जिला जज रीता कौशिक, जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय तथा पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने संयुक्त रूप से कारागार परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों को दी जा रही सुविधाओं की गहन पड़ताल की।

अधिकारियों ने कारागार के भीतर स्थापित अस्पताल का विशेष रूप से जायजा लिया। इस दौरान वहां उपचाराधीन बंदी मरीजों से सीधे बातचीत की गई और उन्हें मिल रही चिकित्सीय सुविधाओं, आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता तथा डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति के संबंध में जानकारी जुटाई गई। इसके उपरांत विभिन्न बैरकों का सघन मुआयना किया गया, जहां पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई के स्तर, भोजन की पौष्टिकता एवं गुणवत्ता तथा बुनियादी जरूरतों की स्थिति को परखा गया।

निरीक्षण दल ने बंदियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं और कारागार प्रशासन की ओर से मिलने वाली सुविधाओं का फीडबैक लिया। अधिकारियों ने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों को जेल मैन्युअल के निर्धारित नियमों के अनुरूप सभी आवश्यक कानूनी, चिकित्सकीय और मानवीय सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और किसी भी प्रकार की बीमारी के फैलाव को रोकने के लिए पुख्ता प्रबंध करने पर बल दिया गया।

इस औचक निरीक्षण के अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. भवनाथ पांडेय, जेल अधीक्षक अमन प्रताप सिंह सहित कारागार और स्वास्थ्य विभाग के अन्य जिम्मेदार अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी संबंधित अधिकारियों को परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सतर्क रखने और विधिक प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की हिदायत दी गई।
What's Your Reaction?