Hardoi News Today: ट्रेन में मिलीं चार लावारिस बच्चियां, चाइल्ड हेल्पलाइन ने रेस्क्यू कर सुरक्षित आश्रय दिलाया
कानपुर-बालामऊ पैसेंजर ट्रेन संख्या 54336 के जनरल कोच में चार बच्चियां संदिग्ध अवस्था में दिखाई दीं। रेलवे सुरक्षा
Hardoi: बुधवार शाम करीब 07 बजे कानपुर-बालामऊ पैसेंजर ट्रेन संख्या 54336 के जनरल कोच में चार बच्चियां संदिग्ध अवस्था में दिखाई दीं। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा बच्चियों से पूछताछ करने पर उनके गुमशुदा होने की जानकारी सामने आई। इस पर बच्चियों की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 पर दर्ज कराई गई।
सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक अनूप तिवारी के निर्देश पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों बच्चियों को रेस्क्यू कराया। रात्रि में बच्चियों को चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में सुरक्षित आश्रय प्रदान किया गया। अगले दिन सभी बच्चियों की काउंसलिंग की गई।
काउंसलिंग के दौरान बच्चियों ने अपने नाम निशा (लगभग 06 वर्ष), काजल (लगभग 04 वर्ष), छुटकी (लगभग 05 वर्ष) और जानवी (लगभग 03 वर्ष) बताए। बच्चियों ने अपने पिता का नाम बबलू तथा ग्राम मसूदनगर, जनपद बाराबंकी बताया। बच्चियों ने बताया कि उनकी मां की काफी समय पहले मृत्यु हो चुकी है तथा पिता के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उनके पास रहने के लिए भी कोई स्थायी घर नहीं है और वे चारों बहनें मांगकर अपना भोजन आदि जुटाती थीं।
चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक अनूप तिवारी एवं टीम द्वारा बच्चियों के परिजनों की तलाश कर उनसे संपर्क करने के लिए काफी प्रयास किए गए, लेकिन अभी तक परिजनों से संपर्क नहीं हो सका है। परिजनों की तलाश के प्रयास निरंतर जारी हैं।
अग्रिम कार्यवाही के लिए चारों बच्चियों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति के आदेश पर सभी बच्चियों को राजकीय विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण, हरदोई में अस्थायी आश्रय प्रदान कराया गया।
What's Your Reaction?







