Hardoi News: हरदोई में मध्यस्थता अभियान 3.0 को मिलेगी रफ्तार, अधिवक्ता मध्यस्थों का पैनल बढ़ाने की तैयारी
राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान 3.0 को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जनपद हरदोई में मध्यस्थता के माध्यम से अधिक से अधिक
हरदोई। राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान 3.0 को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जनपद हरदोई में मध्यस्थता के माध्यम से अधिक से अधिक लंबित मामलों के निस्तारण पर जोर दिया जा रहा है। अभियान की प्रगति को लेकर 28 सितंबर 2026 को इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ स्थित मध्यस्थता एवं सुलह केंद्र समिति द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों के न्यायिक अधिकारियों एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों के सचिवों के साथ समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान मध्यस्थता के लिए अधिक से अधिक मामलों को संदर्भित करने, निस्तारण दर बढ़ाने, मध्यस्थता केंद्रों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा प्रशिक्षित मध्यस्थों की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। समिति ने पाया कि कई जिलों में लंबित मामलों की तुलना में एक प्रतिशत से भी कम मामलों को मध्यस्थता के लिए भेजा जा रहा है। ऐसे में उपयुक्त मामलों को मध्यस्थता के लिए भेजने की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता बताई गई।
इसी क्रम में हरदोई में माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने अपने विश्राम कक्ष में अपर जिला जज/नोडल अधिकारी राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान 3.0 भूपेन्द्र प्रताप, प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण स्मिता गोस्वामी, बार एसोसिएशन अध्यक्ष जे.पी. त्रिवेदी तथा महामंत्री पंकज सिंह के साथ बैठक की।
बैठक में जनपद न्यायाधीश ने बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों से अनुरोध किया कि अधिवक्तागण पक्षकारों से समन्वय स्थापित कर मध्यस्थता के माध्यम से निस्तारित होने योग्य अधिक से अधिक लंबित वादों को मीडिएशन सेंटर में संदर्भित कराएं, ताकि सुलह-समझौते के माध्यम से मामलों का शीघ्र निस्तारण हो सके और अभियान 3.0 को सफल बनाया जा सके।
मध्यस्थों का पैनल बढ़ाने की तैयारी
अभियान के दौरान मध्यस्थता के लिए संदर्भित मामलों और उनके निस्तारण में वृद्धि के उद्देश्य से अधिवक्ता मध्यस्थों के पैनल का विस्तार करने पर भी जोर दिया गया है। इसके अलावा सेवानिवृत्त न्यायिक अधिकारी, सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारी, प्रधानाचार्य एवं शिक्षाविद, बैंकर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, सामाजिक कार्यकर्ता तथा विवाद समाधान में योग्यता एवं अनुभव रखने वाले अन्य पेशेवरों को भी मध्यस्थ के रूप में सूचीबद्ध किए जाने की पहल की जा रही है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रभारी सचिव सिविल जज (सी.डि.) स्मिता गोस्वामी ने जिला बार एसोसिएशन हरदोई के अध्यक्ष एवं महामंत्री से ऐसे इच्छुक अधिवक्ताओं की सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, जो मध्यस्थ के रूप में कार्य करना चाहते हैं।
सूची में अधिवक्ता का नाम, पिता का नाम, पंजीकरण संख्या, पता और मोबाइल नंबर शामिल करने को कहा गया है। यह सूची 09 अक्टूबर 2026 तक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरदोई के कार्यालय में उपलब्ध करानी होगी।अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरदोई के मोबाइल नंबर 9935659302 एवं 7408396087 पर संपर्क किया जा सकता है।
Also Read- हरदोई में दुष्कर्म और अपहरण के दोषी को 10 साल की कठोर कैद, कोर्ट ने लगाया 50 हजार का जुर्माना
What's Your Reaction?