Hardoi News: मण्डलीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में हरदोई का शानदार आगाज, पहले दिन झटके छह पदक

भाग्यश्री और वैभव ने जीते स्वर्ण पदक, रेनू शुक्ला, सोनाली व रोहित कुमार को रजत और आकाश को मिला कांस्य पदक

By INA News Desk
Oct 15, 2026 - 19:01
6 Views
Hardoi News: मण्डलीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में हरदोई का शानदार आगाज, पहले दिन झटके छह पदक
सीतापुर: मण्डलीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 के प्रथम दिवस हरदोई के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जनपद का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता के पहले ही दिन हरदोई की टीम ने दो स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य सहित कुल छह पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से टीम के कोच, मैनेजर और शिक्षक साथियों में हर्ष का माहौल है।
प्रतियोगिता के मीडिया प्रभारी अनुराग मिश्रा ने बताया कि जूनियर बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ में भाग्यश्री ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि इसी स्पर्धा में रेनू शुक्ला ने रजत पदक जीतकर जनपद को दूसरी सफलता दिलाई। वहीं, सीनियर बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ में सोनाली ने रजत पदक अपने नाम किया।
इसी क्रम में सब-जूनियर बालक वर्ग की 600 मीटर दौड़ में वैभव ने स्वर्ण पदक जीतकर हरदोई का मान बढ़ाया, जबकि रोहित कुमार ने रजत पदक हासिल किया। सीनियर बालक वर्ग की गोला फेंक प्रतियोगिता में आकाश ने कांस्य पदक जीतकर हरदोई की पदक तालिका में एक और उपलब्धि जोड़ दी।
79 खिलाड़ियों के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रही हरदोई की टीम
जिला विद्यालय निरीक्षक हरदोई डॉ. अरविन्द कुमार पाठक के निर्देशन में जनपद की टीम मण्डलीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रही है। टीम में 79 खिलाड़ी शामिल हैं, जबकि 15 सदस्यीय शिक्षक दल भी खिलाड़ियों के साथ मौजूद है। इसमें टीम कोच, टीम मैनेजर और अन्य शिक्षक साथी शामिल हैं, जो खिलाड़ियों का लगातार उत्साहवर्धन कर रहे हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरविन्द कुमार पाठक एवं जिला क्रीड़ा सचिव राम दयाल ने खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी पदक विजेताओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता के पहले ही दिन छह पदक जीतकर हरदोई के खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, मेहनत और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का परिचय दिया है। इस शानदार शुरुआत से आगामी स्पर्धाओं में भी बेहतर प्रदर्शन और अधिक पदक जीतने की उम्मीद बढ़ गई है। हरदोई की टीम पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता की विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा ले रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement