Hardoi News: हरदोई में श्री राम कथा का भव्य आयोजन, प्रथम दिन राममय हुआ पंडाल
परम श्रद्धेय आचार्य निर्मल शास्त्री ने प्रथम दिन के अपने वक्तव्य में कहा, “राम कथा जीवन जीने की कला सिखाती है। यदि हमें यह सीखना है कि जीवन को कैसे जिया जाए, तो राम कथा के पंडा...
By INA News Hardoi.
हरदोई : आरआर इंटर कॉलेज के प्रांगण में श्री हनुमान जी महाराज की विशेष कृपा और आचार्य निर्मल शास्त्री के दिशा-निर्देशन में आयोजित भव्य एवं दिव्य श्री राम कथा का शुभारंभ 21 जून को एक भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। इस शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसने पूरे नगर को राममय कर दिया। 22 जून को प्रातः 8:30 बजे आचार्यों द्वारा वेदी पूजन, कलश पूजन और श्री हनुमान जी का आवाहन किया गया, जिसने कथा के प्रथम दिन को और अधिक पवित्र बना दिया।
इस भव्य आयोजन के मुख्य यजमान श्री हनुमान जी महाराज के आशीर्वाद से कथा का प्रारंभ हुआ। पूजन कार्यक्रम में राकेश पाल, आशीष गुप्ता, अपूर्व माहेश्वरी, हिमांशु गुप्ता, मनोज मिश्रा, राहुल मिश्रा, राघवेंद्र शर्मा, अनुराग शुक्ला, आशीष पाल, सौरभ सिंह जैसे समाजसेवी और गणमान्य लोग शामिल रहे।
श्री व्यास पीठ के पूजन के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी, जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती पीके वर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, और नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्रा (बच्चा बाबा) जैसे विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति ने इस आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।
कथा के लिए लखनऊ के कुशल कारीगरों द्वारा सजाया गया भव्य पंडाल और दिव्य व्यास पीठ श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। पंडाल में श्रोताओं के लिए उचित और आरामदायक बैठने की व्यवस्था की गई थी। संगीतमय श्री राम कथा ने पूरे पंडाल को राम भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। प्रथम दिन ही सैकड़ों श्रद्धालु प्रभु श्री राम की कथा सुनने के लिए उमड़ पड़े, जिससे पंडाल में उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
परम श्रद्धेय आचार्य निर्मल शास्त्री ने प्रथम दिन के अपने वक्तव्य में कहा, “राम कथा जीवन जीने की कला सिखाती है। यदि हमें यह सीखना है कि जीवन को कैसे जिया जाए, तो राम कथा के पंडाल में आना होगा। श्रीमद् भागवत कथा हमें जीवन का सही मार्ग दिखाती है।” उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रभु श्री राम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया।
राम नाम जागरण मंच का संकल्प
राम नाम जागरण मंच द्वारा उत्तर प्रदेश के 75 जनपदों के जिला मुख्यालयों पर श्री राम कथा के आयोजन की श्रृंखला शुरू की गई है। इसी संकल्प के तहत हरदोई में इस भव्य कथा का आयोजन किया गया है। मंच का उद्देश्य राम भक्ति और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है।
प्रथम दिन कथा समापन के पश्चात सभी श्रोताओं ने भोजन प्रसादी ग्रहण की। इस अवसर पर अन्न क्षेत्र में भोजन की व्यवस्था वीरेंद्र बाजपेई और उनके परिवार द्वारा की गई, जिसकी सभी ने सराहना की। आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर संभव प्रयास किए गए, जिससे कथा का पहला दिन अत्यंत सफल रहा।
What's Your Reaction?











