हरदोई में एमएलसी चुनाव को लेकर पुलिस सतर्क, पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात कर्मियों को दिए कड़े निर्देश
हरदोई रिजर्व पुलिस लाइन में विधान परिषद चुनाव ड्यूटी को लेकर बैठक। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों व जवानों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने के दिए निर्देश।
जनपद में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में आयोजित विशेष सम्मेलन के दौरान पुलिस अधीक्षक ने खंड शिक्षक और खंड स्नातक विधान परिषद चुनाव सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किए जाने वाले पुलिस बल को जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाया। बैठक में उपस्थित राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और जवानों को चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

सुरक्षा समीक्षा के दौरान पुलिस कप्तान ने दो-टूक कहा कि मतदान केंद्रों और उसके आसपास शांति एवं कानून व्यवस्था बिगाड़ने की चेष्टा करने वाले अराजक तत्वों से पूरी सख्ती से निपटा जाएगा। प्रत्येक मतदान केंद्र पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहेंगे, जहां संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे मतदान दिवस पर समय से अपने निर्धारित स्थानों पर पहुंचे और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अफवाह पर तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करें।

बैठक में ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को निष्पक्ष रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की हिदायत दी गई। मतदाताओं को भयमुक्त वातावरण देने के साथ ही मतदान केंद्रों के निर्धारित दायरे में अनधिकृत वाहनों और भीड़ के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए गए। भ्रमणशील मोबाइल टीमों, क्विक रिस्पांस टीमों और बैरियर चेकिंग दस्तों को सतर्क रहने को कहा गया है ताकि चुनावी प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के शांतिपूर्ण ढंग से पूरी कराई जा सके।
What's Your Reaction?



