हरदोई: कन्या सुमंगला योजना से अनजान हैं जिम्मेदार, डीएम ने चेतावनी दी
कन्या सुमंगला योजना के बारे में स्पष्ट जानकारी न होने पर जिलाधिकारी ने जिला प्रोबेशन अधिकारी व सम्बंधित लिपिक को कठोर चेतावनी दी। जन्म लेने वाले बच्चों के सम्बन्ध में स्वास्थ्य विभाग व कार्यक्रम विभाग से यह प्रमाण पत्र लिया ...
By INA News Hardoi.
शुक्रवार को विवेकानंद सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में विभिन्न कल्याणकारी विभागों की समन्वय बैठक हुई। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि मिशन शक्ति के सम्बन्ध में प्रत्येक ग्राम पंचायत में बैठक करायी जाये। ब्लॉक स्तर व जनपद स्तर पर अलग से बैठक करायी जाये। लोगों को जागरूक किया जाये। ग्राम पंचायतों में पम्पलेट वितरित किये जाएं। शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम कराये जाएं। स्पान्सरशिप योजना में अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त किये जाये। कन्या सुमंगला योजना में प्राप्त आवेदनों का जल्द निस्तारण किया जाये। भुगतान में अनावश्यक देरी न की जाये।
कन्या सुमंगला योजना के बारे में स्पष्ट जानकारी न होने पर जिलाधिकारी ने जिला प्रोबेशन अधिकारी व सम्बंधित लिपिक को कठोर चेतावनी दी। जन्म लेने वाले बच्चों के सम्बन्ध में स्वास्थ्य विभाग व कार्यक्रम विभाग से यह प्रमाण पत्र लिया जाये कि कोई भी पात्र बच्चा छूटा नहीं है। आशा, आँगनबाड़ी, पंचायत सहायक व प्रधानों आदि की मदद से लोगों को जागरूक किया जाये।
यह भी पढ़ें: हरदोई: डॉ. भीमराव अंबेडकर भारतीय संविधान के जनक- प्रधान धीरेंद्र
पात्रता के सम्बन्ध में प्रत्येक आँगनबाड़ी केन्द्र व पंचायत घर पर पोस्टर लगवाए जाएं। ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य, बाल विकास एवं पुष्टाहार तथा पंचायती राज विभाग के साथ जागरूकता बैठकों का आयोजन किया जाये। बाल सेवा योजना के अंतर्गत सभी पात्र बच्चों को लाभान्वित कराया जाये। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के अंतर्गत प्रत्येक विकास खण्ड से हाईस्कूल व इंटरमीडियट की टॉप 3 स्थान पाने वाली बच्चियों को सम्मानित किया जाये।
कस्तूरबा गाँधी आवासीय बालिका विद्यालयों की होनहार बच्चियों को सम्मानित किया जाये। कस्तूरबा गाँधी विद्यालय की बच्चियों को विभिन्न स्थानों का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाये। विधवा पेंशन की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि अवशेष लाभार्थियों की ई केवाईसी का कार्य जल्द कराया जाये। समाज कल्याण विभाग(विकास) की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि अवशेष चिन्हित ग्रामों में ग्राम अभ्युदय समिति के गठन का कार्य एक सप्ताह में पूर्ण किया जाये।
समाज कल्याण विभाग की समीक्षा में उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह के प्राप्त आवेदनों का जल्द सत्यापन कराया जाये। सत्यापन की प्रतिदिन समीक्षा की जाये। आगामी सामूहिक विवाह की तैयारियां ससमय पूर्ण कर ली जाएं। वृद्धावस्था पेंशन में अनावश्यक देरी न की जाये। अवशेष केवाईसी का कार्य जल्द पूरा किया जाये।
बाल विकास एवं पुष्टाहर विभाग की समीक्षा में उन्होंने कहा कि पोषाहार का उत्पादन बढ़ाने के लिए गंभीरता से प्रयास किये जाएं। पोषाहार वितरण की नियमित समीक्षा की जाये। बच्चों को नियमित रूप से हॉटकुक्ड मील उपलब्ध कराया जाये। निर्माणाधीन आंगनबाडी केंद्रों के निर्माण में तेजी लायी जाये। निर्माण की पाक्षिक प्रगति रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी को प्रस्तुत की जाये। पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देशों का अपेक्षित अनुपालन न होने पर उन्होंने नाराजगी जतायी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सौम्या गुरूरानी, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार व सभी सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?











