Hardoi : लोन्हारा में ग्रामीण चौपाल- मुख्य विकास अधिकारी ने सुनीं समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश
आठ लोगों ने राशन कार्ड के लिए आवेदन किया, जिनके आवेदनों की जांच के बाद तुरंत राशन कार्ड जारी करने के लिए पूर्ति निरीक्षक को निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री आवास
हरदोई जिले के कछौना विकास खंड के ग्राम पंचायत लोन्हारा में आयोजित ग्रामीण चौपाल में मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा ने हिस्सा लिया और ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस चौपाल में विद्युत, ग्राम्य विकास, समाज कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, पशुपालन, पंचायत राज, राजस्व, कृषि, शिक्षा, श्रम, खाद्य रसद और आयुष्मान कार्ड जैसे विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे शाम 5 बजे तक स्टॉल संचालित करें और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करें।
चौपाल में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 89 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसमें 28 लोगों में बीमारी के लक्षण पाए गए, जिन्हें तुरंत दवाइयां और चिकित्सीय सलाह दी गई। इसके अलावा, 18 लोगों को आयुष्मान कार्ड जारी किए गए, जिससे कार्डधारकों में खुशी की लहर देखी गई। शिव शक्ति आजीविका स्वयं सहायता समूह को बैंक ऑफ इंडिया, लोन्हारा शाखा द्वारा 6 लाख रुपये का सीसीएल स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
आठ लोगों ने राशन कार्ड के लिए आवेदन किया, जिनके आवेदनों की जांच के बाद तुरंत राशन कार्ड जारी करने के लिए पूर्ति निरीक्षक को निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत तीन लाभार्थियों को आवास की चाबियां सौंपी गईं। ग्रामीणों ने पाइप पेयजल परियोजना में पानी की कमी, अनियमित बिजली आपूर्ति, अधिक बिजली बिल, सफाई कर्मी की अनुपस्थिति और सामुदायिक शौचालय बंद रहने की शिकायतें कीं।
मुख्य विकास अधिकारी ने इन समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। सहायक अभियंता, जल निगम ने बताया कि 2010 की पेयजल परियोजना को रेट्रोफिटिंग के लिए लिया गया है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। बिजली बिल सुधार के लिए सहायक अभियंता, विद्युत वितरण खंड सण्डीला को दो दिन गांव में शिविर लगाने का निर्देश दिया गया। सामुदायिक शौचालय को नियमित खोलने और सफाई के लिए रोस्टर तैयार करने तथा शौचालय की जियो-टैग तस्वीरें तीन महीने तक प्रतिदिन व्हाट्सएप पर भेजने के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों की नए खाद स्टोर की मांग पर सहायक रजिस्ट्रार, सहकारी समितियों को नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
चौपाल में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग ने रीमा, पत्नी राजेश कुमार की गोदभराई और नित्या, पुत्री अजय वर्मा, तथा काव्या, पुत्री विशाल वर्मा का अन्नप्रासन समारोह आयोजित किया। मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिवालय का निरीक्षण किया और पंचायत सहायक कक्ष में प्रकाश व्यवस्था की कमी पर नाराजगी जताते हुए तुरंत सुधार के निर्देश दिए।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान पुष्पा वर्मा, ग्राम पंचायत सचिव अयोध्या प्रसाद, खंड विकास अधिकारी महेश चंद्र, सहायक अभियंता पुनीत दुबे, एमओआईसी कछौना डॉ. शैलेंद्र कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी प्रभाष कुमार और विभिन्न विभागों के ब्लॉक व तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Also Click : Pilibhit Accident : सड़क हादसे में पिता- पुत्र और मां की मौत, घर का खेवनहार था प्रवीण
What's Your Reaction?











