Hardoi News: हरदोई में सरस मेले का शुभारंभ, मंत्री नितिन अग्रवाल ने महिलाओं के उत्पादों की खरीदारी की अपील
दीपावली के अवसर पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को
हरदोई। दीपावली के अवसर पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय तीन दिवसीय सरस मेले का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को श्रीशचन्द्र बारात घर में आयोजित मेले का शुभारंभ राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की जानकारी ली। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक भी वितरित किए।

इस अवसर पर राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल ने जनपदवासियों से अपील की कि वे सरस मेले में पहुंचकर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित आकर्षक एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पादों को देखें और अपनी जरूरत के अनुसार स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करें। इससे महिलाओं को आर्थिक मदद मिलेगी और उनकी आजीविका के साथ आत्मनिर्भरता भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं का सशक्तीकरण हो रहा है।

जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती वर्मा ने कहा कि महिलाएं सशक्त होकर न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि परिवार की जिम्मेदारियों का भी बेहतर ढंग से निर्वहन कर रही हैं। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है। सरस मेले के माध्यम से महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराया गया है।
उपायुक्त एनआरएलएम निशांत राय ने बताया कि सरस मेला 4 नवंबर से 6 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 8 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा। मेले में ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं द्वारा तैयार दीपावली के दीये, मोमबत्तियां, खाद्य सामग्री एवं सजावट के विभिन्न उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि मेले में कुल 25 स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें 19 स्टॉल विकास खंडों के स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए हैं, जबकि अन्य स्टॉल जिला उद्योग केंद्र, आईसीटी, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के हैं। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य अशोक अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?

