Hardoi : हरदोई में ननद का बच्चा चुराकर भाभी पहले पति के पास पहुंची, पुलिस ने लखनऊ से बरामद किया
विजय की बहन ने बच्चे के लापता होने की शिकायत संडीला कोतवाली में की। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। सर्विलांस से पता चला कि मोहिनी लखनऊ में अमित के सा
हरदोई। संतानहीनता के कारण एक महिला ने ननद के एक महीने के बच्चे को चुरा लिया। वह बच्चा लेकर सीधे लखनऊ में अपने पहले पति के पास पहुंच गई। संडीला कोतवाली पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से मामले का खुलासा किया। बच्चे को सकुशल बरामद कर परिवार को सौंप दिया गया। आरोपी महिला और उसके पहले पति को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मोहिनी की पहली शादी लखनऊ के ठाकुरगंज क्षेत्र के भमरौली बिहार कॉलोनी निवासी अमित कुमार से हुई थी। लंबे समय तक बच्चा न होने पर दोनों में झगड़ा हो गया। मोहिनी संडीला आकर रहने लगी। यहां बेगमगंज के विजय से उसकी नजदीकी बढ़ी। आठ महीने पहले दोनों ने आर्य समाज मंदिर में दूसरी शादी कर ली।
शादी के बाद भी मोहिनी को संतान का दुख सताता रहा। इसी बीच विजय की बहन को बेटा हुआ। एक महीने के नवजात को देख मोहिनी के मन में लालच आ गया। उसने योजना बनाई और रात को बच्चे को चुरा लिया। साथ ही घर के जेवर और नकदी भी ले ली। वह लखनऊ पहुंची और अमित के पास जा छिपी।
विजय की बहन ने बच्चे के लापता होने की शिकायत संडीला कोतवाली में की। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। सर्विलांस से पता चला कि मोहिनी लखनऊ में अमित के साथ है। टीम लखनऊ भेजी गई। वहां दबिश देकर मोहिनी और अमित को पकड़ लिया गया। बच्चा बिल्कुल सुरक्षित था।
मोहिनी के पास से दो मोबाइल फोन, आठ चांदी की बिछिया और 1057 रुपये भी बरामद हुए। परिवार ने पुलिस की तेज कार्रवाई की सराहना की। मामले में अपहरण और चोरी के तहत मुकदमा दर्ज है। जांच जारी है।
Also Click : Hardoi : मुख्य विकास अधिकारी ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में बन रहे 50 बेड ट्रॉमा सेंटर का औचक निरीक्षण किया
What's Your Reaction?











