हाथरस सिटी स्टेशन पर रेल सुविधाएं बढ़ाने की मांग, डीसीएम ने स्वच्छता अभियान के दौरान लिया जायजा
हाथरस सिटी स्टेशन पर रेल स्वच्छता व जनसंवाद अभियान के दौरान डीसीएम जगदीप ढाका को सौंपा गया ज्ञापन। नई ट्रेनों और यात्री सुविधाओं की मांग पर मिला आश्वासन।
पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल अंतर्गत हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन पर विशेष रेल स्वच्छता एवं जनसंवाद अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत मंडल वाणिज्य प्रबंधक (डीसीएम) जगदीप ढाका ने रेलवे स्टेशन परिसर का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर और विभिन्न प्लेटफार्मों पर साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को परखा तथा मौके पर मौजूद रेल यात्रियों से सीधा संवाद स्थापित कर रेलवे द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और उनके समक्ष आ रही व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान स्वापो संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष कपिल अग्रवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने डीसीएम से भेंट कर यात्रियों की लंबे समय से लंबित मांगों से संबंधित एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से प्लेटफार्म संख्या दो पर यात्रियों की सहूलियत के लिए डिजिटल कोच डिस्प्ले बोर्ड, आधुनिक पंखे, निःशुल्क यूरिनल तथा वृद्ध, बीमार व दिव्यांग यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए लिफ्ट अथवा स्वचालित सीढ़ी (एस्केलेटर) लगवाने की पुरजोर मांग की गई।
इसके अतिरिक्त क्षेत्रीय यात्रियों, छात्रों और दैनिक कामगारों की सुविधा को देखते हुए रेल सेवाओं के विस्तार की भी मांग उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल ने मथुरा से बरेली के मध्य प्रतिदिन इंटरसिटी एक्सप्रेस चलाने, मथुरा से कानपुर के लिए प्रातःकालीन ट्रेन सेवा शुरू करने तथा टनकपुर-नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस का हाथरस सिटी स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
डीसीएम जगदीप ढाका ने जनसंवाद के दौरान प्राप्त सुझावों और ज्ञापन में उल्लेखित मांगों को गंभीरता से लेते हुए आश्वस्त किया कि स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के उन्नयन और ट्रेनों के ठहराव व संचालन संबंधी प्रस्तावों पर उच्च स्तर पर त्वरित व सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान रेलवे के अन्य अधिकारी, कर्मचारी तथा रावत शिक्षा समिति के निदेशक एमएल रावत सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
What's Your Reaction?

