हाथरस के सुसायत कलां में निकला 12 फीट लंबा अजगर, वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा
हाथरस के सुसायत कलां गांव में खेत में 12 फीट लंबा अजगर मिलने से अफरा-तफरी मच गई। वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर अजगर को जंगल में छोड़ दिया।
हाथरस के सुसायत कलां गांव में एक खेत में करीब 12 फीट लंबा विशालकाय अजगर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। खेत पर काम कर रहे किसानों ने जब अजगर को देखा तो अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने पुलिस के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाकर अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया और पास के जंगल में छोड़ दिया।
मामला सुसायत कलां निवासी प्रेमपाल के खेत का है। सुबह करीब 11 बजे प्रेमपाल अपने खेत के पास काम कर रहे थे, तभी उन्हें भारी-भरकम अजगर रेंगता हुआ दिखाई दिया। अजगर की विशालता देखकर किसान डर गए और उन्होंने शोर मचाया। आवाज सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे अन्य लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों का भारी जमावड़ा लग गया।
स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत आपातकालीन पुलिस सेवा 112 और वन विभाग को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। वन कर्मचारियों ने सावधानी और सूझबूझ के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने 12 फीट लंबे अजगर को सुरक्षित पकड़कर बोरे में बंद किया। इसके बाद उसे आबादी वाले क्षेत्र से दूर ले जाकर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया, तब जाकर किसानों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
Also Click : Lucknow: युवाओं की आकांक्षाओं के अनुरूप बनेगी यूपी की नई युवा नीति, सीएम योगी ने दिए विशेषज्ञ आयोग गठन के निर्देश
What's Your Reaction?



