बिलग्राम-कन्नौज रोड पर डंपर- कंटेनर की भीषण भिड़ंत, दोनों चालक घायल; 5 घंटे बाद खुला जाम
थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिलग्राम-कन्नौज रोड पर शुक्रवार तड़के लगभग 2 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ जरेरा
मल्लावां। थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिलग्राम-कन्नौज रोड पर शुक्रवार तड़के लगभग 2 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ जरेरा गांव के पास एक डंपर और कंटेनर की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर में आग लग गई, जबकि कंटेनर सड़क किनारे खाई में पलट गया। इस हादसे में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने शुरू किया बचाव कार्य
घटना की सूचना मिलते ही मल्लावां पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। एम्बुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी केंद्र ले जाया गया, जहाँ से उन्हें बाद में बेहतर इलाज के लिए कन्नौज जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।हादसे में घायल हुए चालकों की पहचान कंटेनर चालक अवधेश कुमार (निवासी ग्राम भागलपुर, थाना नागबाल, जिला एटा) और डंपर चालक रवि (निवासी मुदैना, जिला इटावा) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अवधेश गंभीर रूप से घायल हैं, वहीं रवि का पैर टूट गया है।दुर्घटना के कारण सड़क पर डंपर में लदी गिट्टी बिखर गई और क्षतिग्रस्त वाहन मार्ग के बीच में फंस गए। इससे सड़क के दोनों ओर करीब एक-एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी की मदद से सड़क पर बिखरी गिट्टी हटवाई और क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे करवाकर यातायात सुचारू कराया। लगभग पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब 7 बजे आवागमन सामान्य हो सका।
What's Your Reaction?




