सम्भल: डीएसएम ग्रुप की शुगर मिलों पर आयकर विभाग की रेड दूसरे दिन भी जारी, चीनी-शीरे की बिक्री ठप, ट्रक चालक फंसे। 

डीएसएम ग्रुप की शुगर मिलों पर चल रही आयकर विभाग की छापेमारी दूसरे दिन भी जारी रही। सम्भल जिले की रजपुरा स्थित डीएसएम शुगर मिल और असमोली में धामपुर बायो

By INA News Desk
Oct 30, 2025 - 12:46
183 Views
सम्भल: डीएसएम ग्रुप की शुगर मिलों पर आयकर विभाग की रेड दूसरे दिन भी जारी, चीनी-शीरे की बिक्री ठप, ट्रक चालक फंसे। 
डीएसएम ग्रुप की शुगर मिलों पर आयकर विभाग की रेड दूसरे दिन भी जारी, चीनी-शीरे की बिक्री ठप, ट्रक चालक फंसे। 

उवैस दानिश, सम्भल 

सम्भल। डीएसएम ग्रुप की शुगर मिलों पर चल रही आयकर विभाग की छापेमारी दूसरे दिन भी जारी रही। सम्भल जिले की रजपुरा स्थित डीएसएम शुगर मिल और असमोली में धामपुर बायो ऑर्गोनिक्स लिमिटेड मे बुधवार सुबह शुरू हुई रेड गुरुवार को भी जारी रही। करीब तीस घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन आयकर विभाग की टीम अब भी मिलों के अंदर मौजूद है। छापेमारी में आयकर विभाग के करीब सौ अधिकारी और सुरक्षा कर्मी शामिल हैं, जो रिकॉर्ड और खातों की बारीकी से जांच कर रहे हैं।

रेड की वजह से दोनों मिलों में सामान्य कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है। केवल आवश्यक कर्मचारी ही मिलों के अंदर काम कर रहे हैं। चीनी और शीरे की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। मिल गेट के बाहर राजस्थान और हरियाणा से आए लगभग पचास टैंकर और ट्रक चालक अपने वाहनों के साथ फंसे हुए हैं। ये सभी शीरा और चीनी लोड करने पहुंचे थे, लेकिन छापेमारी के चलते लोडिंग रोक दी गई है। ट्रक चालकों का कहना है कि वे बुधवार सुबह से मिल के बाहर इंतजार कर रहे हैं, लेकिन प्रबंधन ने बताया कि जब तक आयकर विभाग की कार्रवाई खत्म नहीं होती, तब तक किसी प्रकार की बिक्री या लोडिंग नहीं होगी। आयकर विभाग की टीम ने मिल के एकाउंट्स और सेल्स सेक्शन को अपने कब्जे में ले लिया है।

अधिकारियों के मुताबिक, टीम टैक्स चोरी से संबंधित दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की जांच में जुटी है। संभावना जताई जा रही है कि टीम को बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं के सबूत मिल सकते हैं। वहीं, छापेमारी के दौरान मिल परिसर में आम लोगों और मीडिया के प्रवेश पर रोक है। छापेमारी के दौरान मिल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस बल तैनात है ताकि कोई अवांछित स्थिति उत्पन्न न हो। स्थानीय लोगों के बीच भी यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि रेड इतनी लंबी क्यों चल रही है। लंबी कार्रवाई के बावजूद डीएसएम ग्रुप का प्रबंधन अब तक चुप्पी साधे हुए है। न तो किसी अधिकारी ने मीडिया से बातचीत की है और न ही कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। फिलहाल आयकर विभाग की जांच टीम अभी भी मिल के अंदर मौजूद है, और कार्रवाई जारी है। पूरे सम्भल जिले में यह मामला चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है।

Also Read- Sambhal : सम्भल में धामपुर ग्रुप की दो शुगर मिलों पर आईटी का छापा, आर्थिक लेन-देन की जांच में जुटी टीम, अधिकारियों में हड़कंप

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow