Ballia News: बांसडीह थाना प्रभारी (SHO) संजय सिंह के खिलाफ स्थानीय पत्रकारों ने मोर्चा खोल दिया है। पत्रकारों का आरोप है कि ADG वाराणसी के बलिया दौरे के दौरान सच्चाई उजागर करने के बाद SHO संजय सिंह बौखला गए थे। पहली बार मिले चार्ज के घमंड और खाकी के रौब में चूर संजय सिंह ने एक पीड़ित द्वारा न्याय मांगने पर उल्टे उस पर ही गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया।
पत्रकारों का कहना है कि जब इस मामले को लेकर खबर छापी गई, तो SHO संजय सिंह और भड़क गए। उन्होंने पत्रकार राजू गुप्ता के खिलाफ FIR दर्ज कराने के लिए अपने अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपा, लेकिन जब बात नहीं बनी तो वे सीधे न्यायालय पहुंच गए। आरोप है कि न्यायालय परिसर में भी SHO ने खाकी का रौब दिखाते हुए पत्रकार राजू से गाली-गलौज की और गंभीर धाराओं में फंसाने की धमकी दी। इस मामले को लेकर पत्रकारों में भारी आक्रोश है।
उन्होंने बलिया पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए सोमवार को जिलाधिकारी के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री को पत्रक सौंपने का फैसला किया है। पत्रकारों ने SHO संजय सिंह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि पत्रकारों को सच की आवाज उठाने के लिए दबाया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।पत्रकारों ने चेतावनी दी है कि यदि SHO के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बलिया पुलिस की खबरों का बहिष्कार करेंगे और आंदोलन को और तेज करेंगे। इस मामले ने स्थानीय स्तर पर पुलिस और पत्रकारों के बीच तनाव को बढ़ा दिया है।