Hardoi: कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर भाजपा ने अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि, जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने किया स्मरण
भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं पद्म विभूषण स्वर्गीय कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें
हरदोई। भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं पद्म विभूषण स्वर्गीय कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व, कृतित्व तथा राष्ट्र एवं संगठन के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि स्वर्गीय कल्याण सिंह भारतीय राजनीति के ऐसे जननेता थे, जिन्होंने अपने जीवन में सिद्धांतों, राष्ट्रहित और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता को सर्वोच्च स्थान दिया। उनका व्यक्तित्व दृढ़ संकल्प, स्पष्ट विचार और जनसेवा की भावना का अद्भुत संगम था। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह जी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में प्रशासन में सुशासन और पारदर्शिता को प्राथमिकता दी तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि रामजन्मभूमि आंदोलन के दौर में कल्याण सिंह जी की भूमिका भारतीय जनमानस और भाजपा के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगी। उन्होंने सत्ता से अधिक राष्ट्र और अपने विचारों को महत्व दिया। उनके लिए पद कभी लक्ष्य नहीं रहा, बल्कि राष्ट्रसेवा और संगठन की विचारधारा ही जीवन का उद्देश्य रही। यही कारण है कि वे कार्यकर्ताओं के बीच आज भी प्रेरणा के स्रोत हैं।
अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि नई पीढ़ी को कल्याण सिंह जी के जीवन से सीखना चाहिए कि कठिन परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों और संकल्पों से समझौता किए बिना राष्ट्रहित में कार्य कैसे किया जाता है। उनका सरल जीवन, दृढ़ इच्छाशक्ति, संगठन के प्रति समर्पण और समाज के प्रति संवेदनशीलता युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह जी ने भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने और संगठन को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा की राह पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्र, नीरज, श्रीकृष्ण शास्त्री, राजीव रंजन मिश्र, राम बहादुर सिंह, जिला महामंत्री अनुराग मिश्रा, सतेंद्र राजपूत, ओम वर्मा, जिला उपाध्यक्ष प्रीतेश दीक्षित, संदीप सिंह, आकाश सिंह, सौरव सिंह गौर, जिला मंत्री नीतू चंद्रा, सत्यं शुक्ला, जिला मीडिया प्रभारी अतुल सिंह चाउंपुर, कार्यालय मंत्री राजवीर भदौरिया, सह कोषाध्यक्ष कपिल मोहन गुप्ता, सह कार्यालय मंत्री अर्जुन सिंह, आशुतोष आजाद, सह सोशल मीडिया संयोजक चित्रांश, रितुराज, मुकुल सिंह, आशा आदर्श, दीपक मिश्रा, सौर्य सिंह, ऋषभ त्रिपाठी चंदा, ओमवीर सिंह, युवा मोर्चा से अभय दीक्षित, सनी, हर्ष गुप्ता, राम जी, अमरीश सिंह सहित तमाम वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Also Read- 'सपा ने P का मतलब पिछड़ा से पंडित किया', मायावती का बड़ा आरोप, अखिलेश यादव की राजनीति को बताया छलावा
What's Your Reaction?







