Kashipur : काशीपुर में अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़, भारी मात्रा में सिलेंडर के साथ एक गिरफ्तार
बरामद सामान में सात भरे हुए और 46 खाली घरेलू सिलेंडर मिले हैं, जबकि नौ भरे हुए और सात खाली व्यावसायिक सिलेंडर जब्त किए गए हैं। इसके अलावा मौके से गैस रिफिलिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली पाइप और बांसुरी
ब्यूरो चीफ : आमिर हुसैन
काशीपुर की आईटीआई कोतवाली पुलिस ने अवैध रूप से जमा किए गए गैस सिलेंडरों का बड़ा जखीरा पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। तहसीलदार के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम परमानंदपुर में बाजपुर रोड पर एक ढाबे के पास खाली प्लॉट की चहारदिवारी के अंदर पुलिस ने छापेमारी की। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने रामपुर निवासी जुबैद अली की निशानदेही पर भारी संख्या में घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडर बरामद किए।
बरामद सामान में सात भरे हुए और 46 खाली घरेलू सिलेंडर मिले हैं, जबकि नौ भरे हुए और सात खाली व्यावसायिक सिलेंडर जब्त किए गए हैं। इसके अलावा मौके से गैस रिफिलिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली पाइप और बांसुरी भी मिली है। जब पूर्ति निरीक्षक तन्मय मैठाणी ने जुबैद अली से इन सिलेंडरों के भंडारण और लाइसेंस के बारे में पूछा, तो वह कोई सही जवाब नहीं दे पाया और न ही कोई कागजात दिखा सका। इससे यह साफ हो गया कि वहां अवैध रूप से एक सिलेंडर से दूसरे में गैस भरकर कालाबाजारी की जा रही थी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी सिलेंडरों को गैस एजेंसी के सुपुर्द कर दिया गया है। जिलाधिकारी की अनुमति के बाद पुलिस ने आरोपी जुबैद अली के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?









