Lucknow : उत्तर प्रदेश में होली से पहले मुख्य सचिव ने आबकारी व्यवस्था की समीक्षा की, अवैध शराब पर सख्त निर्देश जारी
उन्होंने कहा कि शराब की दुकानों, ढाबों और अन्य संभावित जगहों का अचानक निरीक्षण किया जाए। कहीं भी अवैध शराब की बिक्री न हो और अधिक कीमत पर शराब बेचने की शिकायत न आ
लखनऊ में मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में होली पर्व के दौरान कानून व्यवस्था और आबकारी व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा हुई।
मुख्य सचिव ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहार के समय विशेष सतर्कता बरती जाए और अवैध तथा जहरीली शराब के उत्पादन और बिक्री को पूरी तरह रोका जाए। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी जिले में अवैध मदिरा के सेवन से कोई दुर्घटना न हो। संवेदनशील जिलों में अतिरिक्त चौकसी रखी जाए और विभागों के बीच समन्वय बनाकर प्रभावी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि शराब की दुकानों, ढाबों और अन्य संभावित जगहों का अचानक निरीक्षण किया जाए। कहीं भी अवैध शराब की बिक्री न हो और अधिक कीमत पर शराब बेचने की शिकायत न आए। सीमा क्षेत्रों खासकर अंतरराज्यीय सीमाओं पर सतर्कता बढ़ाई जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए। भांग की अधिकृत दुकानों पर गांजा की बिक्री बिल्कुल न होने दी जाए।
मुख्य सचिव ने अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। अंतरराज्यीय सीमाओं पर गहन जांच अभियान चलाया जाए। कानून तोड़ने वालों और अवैध शराब के उत्पादन-बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। सभी अधिकारी समन्वय से काम करें ताकि होली शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से मनाई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शराब की दुकानों को बिना वजह लंबे समय तक बंद न रखा जाए क्योंकि इससे अवैध शराब की खरीद-बिक्री बढ़ सकती है और जहरीली शराब से दुर्घटनाओं का खतरा रहता है। जिला प्रशासन स्थानीय हालात देखकर ही दुकानों की बंदी का फैसला ले ताकि व्यवस्था संतुलित रहे।
खनन विभाग की समीक्षा में मुख्य सचिव ने राजस्व लक्ष्य की पूरी पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ओवरलोडिंग और अवैध खनन पर स्रोत स्थल पर ही सख्त निगरानी रखी जाए। ओवरलोडिंग में शामिल वाहन मालिकों और परिवहनकर्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। अधिकारियों से नियमित और अचानक निरीक्षण कर मौके पर ही प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। बैठक में अपर मुख्य सचिव आबकारी वीना कुमारी मीना, आबकारी आयुक्त आदर्श सिंह, सचिव भूतत्व एवं खनिकर्म माला श्रीवास्तव, विशेष सचिव आबकारी अभिषेक आनंद और विशेष सचिव खनन अरुण कुमार मौजूद रहे।
Also Click : Sambhal : वक्त की कमी और कानूनी पेच में उलझा 'नेजा मेला', अध्यक्ष शाहिद मसूदी बोले- अब सुप्रीम कोर्ट की तैयारी?
What's Your Reaction?











