Lucknow News: लखनऊ में बच्चों की सुरक्षा को लेकर विधिक जागरूकता अभियान, स्कूलों में POCSO कानून की दी जानकारी

उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के

By INA News Desk
Sep 30, 2026 - 20:21
8 Views
Lucknow News: लखनऊ में बच्चों की सुरक्षा को लेकर विधिक जागरूकता अभियान, स्कूलों में POCSO कानून की दी जानकारी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के तत्वावधान में बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों के संरक्षण के लिए 25 सितम्बर 2026 से 01 अक्टूबर 2026 तक वृहद विधिक साक्षरता एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष मलखान सिंह के दिशा-निर्देशन में तैयार कार्ययोजना का मुख्य उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित परिवेश प्रदान करना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना है। अभियान के तहत जनपद के विभिन्न सरकारी एवं निजी स्कूलों में न्यायिक अधिकारियों द्वारा विशेष शिविर आयोजित कर बच्चों को पाक्सो (POCSO - लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण) कानून की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। अभियान के दौरान न्यायिक अधिकारी सरल और सुबोध भाषा में बच्चों को "गुड टच और बैड टच" के अंतर को समझा रहे हैं। साथ ही बताया जा रहा है कि किसी भी अप्रिय या असहज स्थिति में वे बिना डर के माता-पिता, शिक्षकों या सीधे अधिकारियों से शिकायत कैसे दर्ज करा सकते हैं।

सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ कुँवर मित्रेश सिंह कुशवाहा ने बताया कि शिविरों में विद्यालयों की प्रातःकालीन सभा के दौरान पाक्सो-2012 के प्रमुख प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों, महिला एवं बाल संरक्षण से संबंधित कानूनी व्यवस्थाओं तथा कानून के उल्लंघन पर होने वाले कानूनी परिणामों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। बच्चों को "चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098" और पाक्सो कानून के तहत मिलने वाली कानूनी सुरक्षा व सहायता के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चों को कानून की बुनियादी जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है, जागरूकता के अभाव में बच्चे शोषण का शिकार हो जाते हैं और डर वश बता नहीं पाते। यह अभियान बच्चों के मन से डर दूर कर उनमें आत्मविश्वास जगाने का काम करेगा।

अभियान के तहत महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज मोती नगर में श्री कुमार प्रशांत, विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट, जीजीआईसी विकास नगर में श्री नीरज कुमार बंसल, अपर जिला जज, राजकीय इंटर कॉलेज जियामऊ गोमती नगर में श्रीमती मधू डोगरा, विशेष न्यायाधीश सीबीआई, अग्रसेन इंटर कॉलेज चौक में श्री नीलकांत मणि त्रिपाठी, अमीनाबाद इंटर कॉलेज में ज्ञानेन्द्र सिंह, अपर जिला जज, अमीरूद्दौला इस्लामिया इंटर कॉलेज लालबाग में शाश्वत पांडेय, ब्यास एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज में श्री विजय कुमार, तृतीय अपर जिला जज FTC, शिया इंटरमीडिएट कॉलेज में चंद्र मोहन मिश्रा, योगेश्वर आरके इंटर कॉलेज में देवेश चंद्र गुप्ता, देव इंटर कॉलेज में विनीत नारायण पाण्डेय, जीएनएलडी रस्तोगी इंटर कॉलेज में वायु नंदन मिश्रा, रामाधीन सिंह इंटर कॉलेज बाबूगंज में शालिनी, राजकीय उप्र सैनिक स्कूल सरोजनीनगर में दीक्षा अग्रवाल, कुम्रावां इंटर कॉलेज में बलवंत कुमार भारती तथा महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में जीवक कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं को पाक्सो कानून के प्रावधानों और अधिकारों के बारे में जागरूक किया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सभी स्कूल प्रबंधकों और शिक्षकों से अपील की है कि वे इस संवेदनशील विषय पर बच्चों को जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाएं ताकि सुरक्षित और अपराध मुक्त समाज का निर्माण हो सके।

Also Read- UP Politics: सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ पर क्यों भड़के अखिलेश? मायावती के बयान से गरमाई यूपी की राजनीति

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow