Lucknow : लखनऊ विकास प्राधिकरण ने 195 करोड़ रुपये से शहर में पार्क और सौंदर्यीकरण कार्यों को मंजूरी दी

हाईकोर्ट के पास ग्रीन बेल्ट की लगभग 2500 वर्गमीटर भूमि पर 6 करोड़ रुपये की लागत से संविधान पार्क विकसित किया जाएगा। इस पार्क में अशोक स्तंभ, पैनल वॉल, इंडिया मैप

Jan 16, 2026 - 23:54
 0  36
Lucknow : लखनऊ विकास प्राधिकरण ने 195 करोड़ रुपये से शहर में पार्क और सौंदर्यीकरण कार्यों को मंजूरी दी
Lucknow : लखनऊ विकास प्राधिकरण ने 195 करोड़ रुपये से शहर में पार्क और सौंदर्यीकरण कार्यों को मंजूरी दी

लखनऊ : लखनऊ विकास प्राधिकरण लगभग 195 करोड़ रुपये की लागत से शहर में विकास और सौंदर्यीकरण के बड़े कार्य कराएगा। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में अवस्थापना विकास निधि की बैठक में विभिन्न परियोजनाओं को मंजूरी मिली। बैठक में एलडीए उपाध्यक्ष प्रमेश कुमार और नगर आयुक्त गौरव कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

इसमें गोमती बायो-डायवर्सिटी पार्क में करीब 10 करोड़ रुपये से इंटरएक्टिव बर्ड एवियरी बनाई जाएगी। यह करीब 1 एकड़ क्षेत्र में फैली होगी, जहां विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों के प्राकृतिक आवास के अनुसार पेड़-पौधे लगाए जाएंगे।

हाईकोर्ट के पास ग्रीन बेल्ट की लगभग 2500 वर्गमीटर भूमि पर 6 करोड़ रुपये की लागत से संविधान पार्क विकसित किया जाएगा। इस पार्क में अशोक स्तंभ, पैनल वॉल, इंडिया मैप, संसद की आकृति, म्यूरल और लैंडस्केप जैसे आकर्षक कार्य होंगे, जो लोगों को संविधान के प्रति जागरूक करेंगे।

गोमती नगर में गोवारी फ्लाईओवर के पास ग्रीन बेल्ट पर 8 करोड़ रुपये से मिनी स्पोर्ट्स एरिया और 8.5 करोड़ रुपये से लोटस पार्क बनेगा। गोमती रिवर फ्रंट पर 6 करोड़ रुपये से बच्चों के लिए वंडर पार्क का निर्माण होगा। अर्जुनगंज में 5 करोड़ रुपये से पांडव पार्क विकसित किया जाएगा।

कानपुर रोड योजना स्थित ईको-गार्डन में पीपीपी मोड पर 13 करोड़ रुपये से इंसेक्टोपेडिया पार्क बनेगा, जिसमें जंगल ट्रेल और बड़े स्केल पर कीड़ों की आकृतियां दिखाई जाएंगी। उर्मिला वन के विकास के लिए भी बजट स्वीकृत हुआ। अलीगंज की विभिन्न ग्रीन बेल्ट में हॉर्टिकल्चर जैसे कार्य होंगे।

सुप्पा झील का सौंदर्यीकरण और संरक्षण के लिए 2.5 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए। फेजुल्लागंज क्षेत्र में डेढ़ किलोमीटर लंबे नाले का निर्माण होगा। शहर के पार्कों में 250 ओपन जिम लगाए जाएंगे। मुख्य चौराहों और मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था मजबूत की जाएगी। बैठक में मंडलायुक्त ने नाले की लेवलिंग पर विशेष ध्यान देने और ड्रेन वाटर के अंतिम निस्तारण के लिए कनेक्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा चिनहट में प्रवर्तन टीम ने 28 बीघा क्षेत्र में चल रही दो अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया। एसटीपी रोड पर एक अवैध व्यावसायिक निर्माण को सील किया गया। ये कार्रवाई एलडीए उपाध्यक्ष प्रमेश कुमार के निर्देश पर जोन-1 की टीम ने की। जोनल अधिकारी संगीता राघव ने बताया कि बिना लेआउट स्वीकृति के ये प्लाटिंग और निर्माण हो रहे थे।

Also Click : Prayagraj : माघ मेले में मकर संक्रांति स्नान पर्व पर उठी आस्था की लहर, 1 करोड़ से अधिक लोगों ने लगाई पुण्य की डुबकी

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow