Lucknow : मिलावटी दूध और दुग्ध उत्पादों के खिलाफ बड़ा एक्शन, 489 ठिकानों पर छापेमारी कर करोड़ों का माल जब्त
आगरा कैंट स्टेशन के पास लावारिस मिला 4000 किलो अस्वच्छ खोया ठिकाने लगाया गया, जबकि फिरोजाबाद में 6.15 लाख रुपये का घी और पनीर जब्त हुआ।
उत्तर प्रदेश में दूध, खोया, पनीर, दही, घी और स्किम्ड मिल्क पाउडर जैसे दुग्ध उत्पादों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने पूरे राज्य में एक बड़ा अभियान चलाया है। विभाग के आयुक्त के निर्देश पर अधिकारियों की टीमों ने प्रदेशभर में दूध की डेयरियों, निर्माण इकाइयों, चिलिंग सेंटरों, थोक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों और गोदामों पर अचानक छापेमारी की। इस कार्रवाई के तहत नियमों की अनदेखी और गंदगी पाए जाने पर प्रभावी कानूनी कदम उठाए गए हैं।
इस विशेष जांच अभियान के दौरान राज्यभर में कुल 489 ठिकानों पर छापे मारे गए, जहां से 658 खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए सरकारी लैब भेजा गया है। पूरी कार्रवाई के दौरान लगभग 9.72 करोड़ रुपये की कीमत का 1398 क्विंटल से अधिक खाद्य पदार्थ जब्त किया गया है। इसके साथ ही बेहद अस्वच्छ और खराब हालत में मिले करीब 21.85 लाख रुपये मूल्य के 122 क्विंटल से ज्यादा मिलावटी व नुकसानदेह खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया।
कार्रवाई के विवरण के अनुसार, कानपुर देहात में भोले बाबा मिल्क फूड्स इंडस्ट्रीज से पैकेजिंग नियमों के उल्लंघन पर 9.45 करोड़ रुपये का घी सीज किया गया। बागपत में गाड़ियों की चेकिंग के दौरान खराब मिली क्रीम और पनीर को नष्ट कराया गया। आगरा कैंट स्टेशन के पास लावारिस मिला 4000 किलो अस्वच्छ खोया ठिकाने लगाया गया, जबकि फिरोजाबाद में 6.15 लाख रुपये का घी और पनीर जब्त हुआ। इसी तरह गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, मेरठ और मुजफ्फरनगर में भी सैंपल लेने के साथ असुरक्षित खाद्य सामग्री जब्त की गई। मथुरा में कल्लू डेयरी पर कार्रवाई करते हुए खराब पनीर व दूध नष्ट कर उसका लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया, जबकि अमरोहा में उमंग डेयरी से 9.33 लाख रुपये का मिथ्याछाप स्किम्ड मिल्क पाउडर जब्त किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की सचिव एवं आयुक्त रोशन जैकब ने साफ निर्देश दिए हैं कि मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई जारी रहे, लेकिन छोटे दुकानदारों या पटरी दुकानदारों को परेशान न किया जाए।
Also Read : Sambhal : कसेरुआ मस्जिद ध्वस्तीकरण पर गरजे दानिश अली- ‘कानून को बुलडोजर से कुचल रही बीजेपी सरकार’
What's Your Reaction?




